
आज सुबह भी आयुक्त ने किया दौरा, चेम्बर निर्माण, पाइप लाइन डालने के काम में तेजी लाने के दिए निर्देश
इंदौर। भागीरथपुरा (Bhagirathpura) में जहां मौतों का सिलसिला जारी है और 32वीं मौत की खबर भी आई, तो दूसरी तरफ सरकारी मशीनरी (Government machinery) भी जुटी है। ऑपरेशन भागीरथपुरा में नर्मदा की लाइन (Narmada line), ड्रेनेज (Drainage) की लाइन डालने के साथ सडक़ सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं और आज सुबह निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों के साथ दौरा भी किया और शेष 70 फीसदी क्षेत्र में भी टंकी के जरिए ही जलप्रदाय शुरू करने के निर्देश दिए। पिछले दिनों निगम ने 30 फीसदी हिस्से में जलप्रदाय शुरू किया था। हालांकि भागीरथपुरा के रहवासी इतने डरे हुए हैं कि वे इस पानी को भी उबालकर पीने में इस्तेमाल कर रहे हैं। टैंकरों के जरिए अभी भी बड़े हिस्से में जल प्रदाय निगम को करना पड़ रहा है। वहीं पूरा क्षेत्र खुद भी गया है।
आयुक्त क्षितिज सिंघल के साथ अपर आयुक्त नरेंद्रनाथ पांडे, कार्यपालन यंत्री लक्ष्मीकांत वाजपेयी, जोनल अधिकारी, जलप्रदाय की टीम की मौजूद रही। आयुक्त नर्मदा लाइन के लिए किए गए कार्यों का अवलोकन किया। चेंबर निर्माण कार्य एवं पाइपलाइन डालने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि शेष भाग में भी जलप्रदाय शुरू किया जा सके। आयुक्त सिंघल द्वारा भागीरथपुरा क्षेत्र में जल प्रदाय लाइन के कार्यों का पानी की टंकी से लेकर तारा मेडिकल एवं आंगनबाड़ी केंद्र तक निरीक्षण किया गया। वर्तमान में लाइन डालने का कार्य कितना हो गया है और कितना शेष है इसकी जानकारी ली, मौका स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाते हुए भागीरथपुरा के शेष स्थानों में भी सुचारू एवं पर्याप्त जलप्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं भागीरथपुरा के अलावा आयुक्त ने झोन क्र. 9 के अंतर्गत संचालित जलप्रदाय लाइन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया, जिसमें त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र, देव नगर, पांचू की चाल सहित अन्य क्षेत्रों में जलप्रदाय लाइन डाले जाने हेतु किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से दूषित पानी की समस्या के निराकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। त्रिवेणी पानी की टंकी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही दूषित पानी की समस्या के समाधान के क्रम में आयुक्त सिंघल द्वारा मौके पर पहुंचकर संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। आयुक्त द्वारा देव नगर एवं पांचू की चाल क्षेत्रों में जलप्रदाय लाइन डालने के कार्यों का अवलोकन भी किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved