
नई दिल्ली। भारत (India) ने पाकिस्तान (Pakistan) के उन आरोपों को शुक्रवार को पूरी तरह खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि इस्लामाबाद (Islamabad) की एक इमामबारगाह में हुए आत्मघाती बम धमाके (Suicide bombings) में भारत का हाथ है। विदेश मंत्रालय (Ministry of External Affairs) ने इसे बेबुनियाद और बेतुका बताया और कहा कि भारत ने हमेशा इस तरह के आरोपों को निंदनीय और बेकार माना है।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस्लामाबाद की मस्जिद में हुए धमाके की निंदा करता है और इसके कारण हुई जान-माल की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करता है। मंत्रालय ने कहा, “यह दुख की बात है कि पाकिस्तान अपनी सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से लेने के बजाय, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों पर आरोप लगाकर खुद को धोखा दे रहा है। भारत ऐसे हर आरोप को खारिज करता है, जो जितना बेबुनियाद है उतना ही बेकार भी है।”
यह जवाब तब आया जब पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि इस हमले में शामिल आतंकवादी अफगानिस्तान आता-जाता था और भारत और अफगानिस्तान के बीच मिलीभगत सामने आई है। उन्होंने कहा कि भारत अब सीधे लड़ने की हिम्मत नहीं रखता और प्रॉक्सी के जरिए युद्ध लड़ रहा है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को नमाज के दौरान इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में इमामबारगाह खदीजा-तुल-कुबरा में हुए आत्मघाती बम धमाके में कम से कम 31 लोग मारे गए और 169 घायल हुए। यह घटना पाकिस्तान में सुरक्षा की गंभीर चुनौती को फिर उजागर करती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved