
नई दिल्ली । पाकिस्तान(Pakistan) के एक बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश(torrential rain) के कारण पंजाब(Punjab) और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों(Khyber Pakhtunkhwa Provinces) में बाढ़ आ गई है। पिछले 24 घंटों में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। रविवार रात को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, बाढ़ से अब तक लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों के दौरान 10 लोगों की मौत हो गई। इसी दौरान खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पांच लोगों ने अपनी जान गंवाई। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) की रिपोर्ट के अनुसार, 26 जून से 31 अगस्त तक पाकिस्तान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 854 हो गई है और 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस हफ्ते पंजाब प्रांत से 10 लाख से अधिक लोगों को उनके घरों से सुरक्षित निकाला है। देश चार दशकों में सबसे भयानक बाढ़ का सामना कर रहा है, जिसने सैकड़ों गांवों में तबाही मचाई और अनाज की फसलों को जलमग्न कर दिया। पंजाब की सूचना मंत्री आजामा बुखारी ने अपने बयान में कहा, ‘पंजाब में आई भीषण बाढ़ से 20 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। सरकार ने बाढ़ में फंसे 7,60,000 लोगों और 5,00,000 से ज्यादा पशुओं को बचाया है।’
पंजाब में अब तक की सबसे भीषण बाढ़
पंजाब के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के आंकड़ों के अनुसार, लाहौर, हाफिजाबाद और मुल्तान जिलों में एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर 24 घंटों में 60 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। कम से कम चार जगहों पर 120 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब अब तक की सबसे भीषण बाढ़ों में से एक का सामना कर रहा है। सरकार चौबीसों घंटे व्यापक बचाव और राहत अभियान चला रही है। चिनाब नदी के उफान के कारण अचानक आई बाढ़ के चलते रिहायशी इलाकों में छाती तक पानी आ गया। कादिराबाद के एक व्यक्ति ने बताया कि हमने पूरी रात जागकर और डर में बिताई। 26 वर्षीय मजदूर नदीम इकबाल ने कहा कि वह अपने बच्चे के साथ पानी में चल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘हर कोई डरा हुआ है। बच्चे रो रहे हैं। महिलाएं चिंतित हैं। हम असहाय हैं।’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved