इस्लामाबाद। पाकिस्तान में बाढ़ से हालात बेकाबू हैं। पंजाब और सिंध सूबे में विनाशकारी बाढ़ (Devastating floods in sindh) से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। इस बीच पाकिस्तान (Pakistan) के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ (khawaja asif) ने अजीबोगरीब दावा किया है। उन्होंने इस संकट के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया है। ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि भारत से आ रहा बाढ़ का पानी अपने साथ लाशें भी पाकिस्तान में ला रहा है। ख्वाजा आसिफ पाकिस्तान के वही राजनेता हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कभी भारतीय पायलट को पकड़े जाने तो कभी भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराए जाने के झूठे दावे किए थे।
ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा कि भारत से बह रहा बाढ़ का पानी अपने साथ लाशें, मवेशी और मलबे के ढेर लेकर आया है। एक पाकिस्तानी समाचार पोर्टल डायलॉग पाकिस्तान के अनुसार, ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि इससे क्षेत्र से पानी निकालने की कोशिश कर रही नगरपालिका टीमों के काम में बाधा आई है। आसिफ ने कहा कि स्थानीय लोगों ने सीमा पार लाशें बहते हुए देखी हैं।
भारत ने इस हफ्ते के शुरुआत में ही पाकिस्तान को नदियों में बढ़ते जलस्तर को लेकर चेतावनी साझा की थी। इस चेतावनी को भारतीय उच्चायोग के जरिए पाकिस्तान सरकार तक पहुंचाया गया था। हालांकि, भारत ने इस सूचना को पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि के तहत स्थापित सिंधु जल आयोग के जरिए साझा नहीं किया। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है।
पाकिस्तान में बाढ़ के कारण अब तक 800 से ज्यादा लोगों की मौतें हो चुकी हैं, जबकि 250000 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस साल आई मानसूनी बाढ़ के कारण 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। पूरे पाकिस्तान में फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। कई व्यवसाय भी नष्ट हुए हैं और बड़ी संख्या में घर बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं। पंजाब प्रांत की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगजेब ने बताया कि रावी, सतलुज और चिनाब नदियों के किनारे बसे 1,432 गांवों में बाढ़ आई है, जिससे लगभग 12 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 2,48,000 लोग विस्थापित हुए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved