
इंदौर। देवी अहिल्याबाई की 230वीं पुण्यतिथि पर कल शहर में कई आयोजन हो रहे हैं। लाव-लश्कर के साथ कल पालकी यात्रा भी निकाली जाएगी और हर साल की तरह आधे दिन का सरकारी अवकाश भी प्रशासन ने घोषित कर दिया है। सुबह 8 बजे देवी अहिल्या की प्रतिमा राजवाड़ा पर समारोह की शुरुआत होगी और अहिल्या स्तुति का सामूहिक गान भी होगा।
देवी अहिल्या उत्सव समिति की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और मीडिया प्रभारी रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कि 10 बजे गोपाल मंदिर में प्रतिमा का पूजन और प्रतिमा को पालकी में विराजित किया जाएगा। पुण्यतिथि समारोह का यह 110वां वर्ष है। शुक्रवार 22 अगस्त को प्रात: 8 बजे अहिल्या उद्यान पर स्थित देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण से समारोह की शुरुआत होगी। यहां अहिल्या स्तुति का सामूहिक गान भी होगा। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक डागा, सचिव शरयू वाघमारे व मीडिया प्रभारी राम मूंदड़ा ने बताया कि प्रात: 10 बजे गोपाल मंदिर में देवी की प्रतिमा का पूजन होगा।
यही प्रतिमा पालकी यात्रा के दौरान पालकी में विराजित की जाती है। उपाध्यक्ष अनिल भोजे व विनीता धर्म ने बताया कि प्रात: 10 बजे इन्द्रेश्वर महादेव मंदिर, पंढरीनाथ पर भगवान शिवजी का रुद्राभिषेक भी विद्वान पंडितों द्वारा किया जाएगा। राष्ट्र की समृद्धि, अच्छी वर्षा और बेहतर फसलों की कामना भी इस अवसर पर की जाएगी। सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि 3.30 बजे गुणीजन सम्मान एवं सायं 5.30 बजे पालकी यात्रा गांधी हाल में संपन्न होंगे। पालकी यात्रा परंपरागत लाव लश्कर के साथ निकली जाएगी। पालकी यात्रा में झंडासिंह व्यायाम शाला एवं मल्हारी मार्तण्ड का अखाड़ा भी शामिल होंगे। सेना के पराक्रम एवम शोर्य से संबंधित आपरेशन सिंदूर, के साथ अहिल्याबाई के जीवन प्रसंग पर आधारित झांकियां भी सम्मिलित की जाएगी। मंच एक और लगे जिन पर अधिक शोर ना हो। लाउडस्पीकर 5 बजे बाद चालू करें।
पार्थिव शिवलिंगों का पूजन और रुद्राभिषेक कल सुबह
इंदौर। कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर कल सुबह 6.30 बजे से राजबाड़ा अहिल्या उद्यान में भानपुरा पीठ के पीठाधीश्वर शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ, सद्गुरु अण्णा महाराज और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के सान्निध्य में देवी अहिल्याबाई होलकर की 230वीं पुण्यतिथि पर 2760 पार्थिव शिवलिंगों का पूजन और रुद्राभिषेक होगा। श्री दत्त माउली सद्गुरु अन्ना महाराज संस्थान हर साल ये आयोजन करता है। कार्यक्रम की तैयारियां आज सुबह से गांधी हॉल में चल रही है।
फूलों से सजावट की गई है। पार्थिव शिवलिंगों के पूजन और रुद्राभिषेक के लिए मिट्टी के बने शिवलिंग तैयार किए गए है। संस्था बीते 20 साल से लगातार अहिल्या देवी बाई होलकर की पुण्यतिथि पर ये आयोजन करती रही है। संस्थान ने शहरवासियों को इस कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया है। शहरभर में अहिल्या उत्सव को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसको लेकर काफी समय पहले से तैयारियां एवं बैठकें भी होती है, ताकि कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए योजना तैयार की जा सके।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved