
अशोकनगर। आरोन से चलकर अशोकनगर आ रही एक यात्री बस रविवार की सुबह मथनेर और बरखेड़ा मैनाई के बीच अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 16 लोग घायल हुए हैं। करीब दस लोगों को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बालाजी कंपनी की बस सुबह करीब 11 बजे जब बरखेड़ा मैनाई के पास पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में बोरियां एवं कट्टे रखे थे जो यात्रियों के ऊपर गिर गए। जैसे ही लोगों को बस पलटने की सूचना मिली वे मौके पर पहुंचे और खिड़कियों के कांच तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। इनमें से करीब दस लोगों को ज्यादा चोटें आई हैं कुल 16 यात्री घायल हुए हैं इन सभी को शाढ़ौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 108 वाहन की मदद से पहुंचाया गया। यहां से गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों में लीलाबाई नगउखेड़ी, पिस्ताबाई सोबत, कला बाई भौंरा गिर्द, नारायण अहिरवार नगउखेड़ी, कल्पना आदिवासी रुसल्ली, मेहताब नगउखेड़ी, गुलाब बाई निवासी शंकर कॉलोनी, रामकिशन निवासी नगउखेड़ी, मथुराबाई निवासी देवरी आदि हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved