
इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि एक भी शहर अथवा जिला अध्यक्ष नहीं बदला जाएगा। किसी के नाम पर कोई पुनर्विचार नहीं किया जा रहा है। अब हमारा फोकस वार्ड कमेटी और पंचायत कमेटी के गठन पर है। इसका कार्यक्रम 25 अगस्त को घोषित किया जाएगा।
पटवारी ने आज सुबह अग्निबाण से चर्चा करते हुए कहा कि नवनियुक्त शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष का विरोध होने के संबंध में जो खबरें सामने आ रही हैं वह एक सामान्य प्रतिक्रिया के रूप में है। प्रदेश में कहीं कोई विरोध जैसी स्थिति नहीं है। अभी जो कुछ हो रहा है मैं उसे बहुत सकारात्मक रूप से देखता हूं। अभी कुछ महीने पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी कांग्रेस छोडक़र भाजपा में गए थे। उस समय उनके साथ में हमारे पांच जिला-शहर कांग्रेस अध्यक्ष भी गए थे। इस घटना को मात्र 7 महीने हुए हैं और नए अध्यक्षों की नियुक्ति के संबंध में हुई प्रक्रिया से कांग्रेसजनों में जोश जागा है। आज बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता अध्यक्ष बनने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि यह जानकारी गलत है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा मध्यप्रदेश के 16 कांग्रेस अध्यक्षों के नाम पर पुनर्विचार किया जा रहा है और उस बारे में रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक भी अध्यक्ष बदला नहीं जाएगा। किसी के नाम पर कोई पुनर्विचार नहीं हो रहा है। जो अध्यक्ष बनाए गए हैं वह सभी पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर बनाए गए हैं। कुछ अध्यक्ष हमारे नेता राहुल गांधी ने सीधे स्वयं बनाए हैं। ऐसे अध्यक्षों को उन्होंने ही फोन लगाया और उन्होंने ही नियुक्त किया है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत हुई इन नियुक्ति में उनका कोई रोल नहीं है। ऐसे कहीं भी किसी भी स्तर पर कोई राय नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोडक़र गए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके क्षेत्र में घेरने के लिए कांग्रेस की कमान जयवर्धनसिंह को सौंपी गई है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को घेरने के लिए उज्जैन की कमान महेश परमार को दी गई है। कांग्रेस हाईकमान द्वारा हर स्तर पर जांच करने के बाद यह नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को दिल्ली में सभी नवनियुक्त अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में आगे के कार्यक्रम निर्धारित किए जाएंगे। अब कांग्रेस का जोर शहर में वार्ड कमेटी और गांव में पंचायत कमेटी के गठन पर है। दिल्ली की बैठक में इन कमेटी के गठन का शेड्यूल भी घोषित कर दिया जाएगा।
24 घंटे में नवनियुक्त अध्यक्ष के विरोध में डाली पोस्ट डिलीट करें
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त किए गए शहर और जिला अध्यक्षों के विरोध में कांग्रेस नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी से प्रदेश कांग्रेस असहज हो गई है। कल एक चेतावनी जारी कर सभी नेताओं से कहा गया कि 24 घंटे के अंदर सोशल मीडिया पर नई नियुक्ति के विरोध में डाली गई पोस्ट को डिलीट करें। प्रदेश कांग्रेस के साथ संगठन महामंत्री संजय काम्बले द्वारा कल यह चेतावनी पत्र जारी किया गया। यह पहला मौका है, जब कांग्रेस द्वारा इस तरह से चेतावनी पत्र जारी किया गया है। उक्त चेतावनी पत्र जारी होते ही सोशल मीडिया पर कांग्रेस के नेता भडक़ गए। इन नेताओं ने इस चेतावनी पर खूब खरी-खोटी सुनाई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved