भोपाल। पीईबी यानी, प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड अब मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपी एम्प्लाई सिलेक्शन बोर्ड) कहलाएगा। 7 महीने पहले कैबिनेट की मीटिंग में नाम बदलने की मुहर लगी थी। अब बोर्ड पर भी इसे बदल दिया गया है। बुधवार को कर्मचारियों ने बिल्डिंग समेत बोर्ड पर नया नाम लिख दिया। बता दें कि इसका सबसे पहले नाम व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) था, जिसे बदलकर पीईबी किया गया था। अब तीसरी बार इसे मप्र कर्मचारी चयन बोर्ड हो गया है। लगातार नाम बदलने की बड़ी वजह व्यापमं घोटाला है। बता दें कि पीईबी का नाम तो बदला ही, साथ ही इसका नोडल डिपार्टमेंट भी बदल दिया गया है।
कर्मचारी चयन बोर्ड के संचालन की जिम्मेदारी सामान्य प्रशासन विभाग के पास है। पिछले वर्षों में राज्य शासन ने व्यापमं घोटाला सामने आने के बाद इसका नाम बदलने का प्रस्ताव तैयार किया था। इसके सिस्टम में सुधार होने लगा तो नाम बदलने के प्रस्ताव को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। लेकिन पिछले साल पीईबी घोटाला भी सामने आ गया। नाम बदलने से इसकी छवि में सुधार हो रहा था वह फिर से धूमिल हो गई। पीईबी का नया सिस्टम भी गड़बड़ी रोकने में नाकाम साबित हुआ। इसके ऑनलाइन सिस्टम में भी पिछले साल सेंध लग गई।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved