
जबलपुर। शहर की सड़कों पर आवारा घूम रहे मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने नगर निगम को आदेशित किया है कि मवेशियों को पकड़कर गौशाला भिजवाया जाए। लेकिन आदेश के दूसरे दिन तो निगम की हाका गैंग ने तत्परता दिखाई उसके बाद वही पुराना ढर्रा शुरू हो गया। अभी भी सड़कों पर गाय, बैल खुले आम घूम रहे हैं और राहगीर परेशान हैं। साथ ही मवेशी भी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। विगत दिवस जयंती कॉम्पलेक्स के पास गुजराती कॉलोनी प्रवेश द्वार के नाले से स्थानीयजनों ने एक घायल को गाय को बाहर निकाला और उसका उपचार किया। बताया जा रहा है कि गाय नाले में बहुत देर से फंसी हुई थी। जो किसी और क्षेत्र में गिरी थी चलते-चलते जयंती कॉम्पलेक्स के बाजू में आकर फंस गई। नाले के अंदर से गाय के रंभाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने जब नाले के ऊपर की चीपें हटाई तो गाय को घायल अवस्था में देखा। बड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। नाले के अंदर चलते हुये उसके शरीर पर गहरे घाव हो गये थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल गौ सेवकों से संपर्क किया और उन्हें बुलाया। गौ सेवकों के आने पर गाय प्राथमिक उपचार किया गया। स्थानीयजनों का कहना है कि गाय कई दिनों से नाले में गिरी है जो भूखी है और चलते-चलते यहां तक पहुंच गई। गाय का उपचार कर भोजन दिया गया और उसे वहीं छोड़ दिया गया।
आदेश का हो सख्ती से पालन
कलेक्टर द्वारा शहर की सड़कों से मवेशियों को हटाने में हाका गैंग की कोताही दिखने लगी है। लोगों का कहना है कि आदेश का सख्ती से पालन होना चाहिये। सड़कों पर घूम रहे पशुओं के कारण अभी शहर में जाम की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में झुंड के झुंड विचरण करते दिखाई दे रहे हैं और सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved