
भोपाल। एक सप्ताह से गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान चल रहे हैं। राहत पाने के लिए पंखे, कूलर, एसी का खूब उपयोग हो रहा है। इसी का असर है कि अक्टूबर के महीने में भोपाल शहर में बिजली की खपत बढ़ गई है। इसके साथ ही तेज गर्मी के कारण लोगों को अप्रैल-मई महीने का एहसास हो रहा है। अक्टूबर के महीने में सूरज की तजे गर्मी से लोगों के पसीने छूट रहे हैं, वहीं तापमान में अचानक आए उछाल से मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। दिन का तापमान 33 डिग्री के करीब चल रहा है तो रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा होने से लोगों को राहत पाने के लिए पंखे, कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है।
दरअसल सितम्बर का पूरा महीना बारिश का रहा। इसी कारण भोपाल की औसत बारिश का आंकड़ा भी पार हो गया, लेकिन अक्टूबर के शुरुआती दिनों में ही तेज गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले दावा किया था कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई हो जाएगी, लेकिन अभी भी अलग-अलग जगह टुकड़ों में बारिश का दौर चल रहा है, जिससे इंदौर में उमस और गर्मी बरकरार है। दरअसल हवाओं की गति कमजोर होने और नमी मिलने के चलते अभी भी बारिश की स्थितियां बनी हुई हैं। जैसे ही हवाओं की गति रफ्तार पकड़ेगी, मानसून की विदाई हो जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved