
इन्दौर। महू (Mhow) में 27 जनवरी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के आगमन को देखते हुए कांग्रेस के द्वारा दशहरा मैदान महू पर हेलीपैड (helipad) के निर्माण की अनुमति मांगी गई थी। यह अनुमति देने से प्रशासन ने इनकार कर दिया है। इसके पीछे सुरक्षा का हवाला दिया गया है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आंबेडकर स्मारक तक जाने के लिए कांग्रेस के नेता कहां पर लैंड करेंगे। दोनों ही नेताओं को सडक़ मार्ग से ही आंबेडकर स्मारक जाना होगा, लेकिन अब यह नियम यहां आने वाले सभी नेताओं पर लागू होगा, जिससे कई बड़े नेता मुश्किल में आ जाएंगे।
कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की 27 जनवरी को प्रस्तावित महू यात्रा को देखते हुए पूरी कांग्रेस सक्रिय है। कांग्रेस के द्वारा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के लिए महू में दो स्थानों पर हेलीपैड बनाने की अनुमति मांगी गई थी। इसमें दशहरा मैदान पर हेलीपैड बनाया जाना था। यहां पर हेलिकॉप्टर से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लैंड करने के बाद आंबेडकर स्मारक पर जाते। आंबेडकर स्मारक में 25 मिनट तक रुकने के बाद वापस इसी स्थान से हेलिकॉप्टर से उड़ान भरकर वे लोग वेटरनरी कॉलेज पर पहुंचेंगे। वहां के हेलीपैड पर उनका हेलिकॉप्टर लैंड होगा। वहां पर उतरने के बाद यह दोनों नेता इसी कॉलेज के परिसर में आयोजित सभा में भाग लेंगे । इस तय किए गए कार्यक्रम के अनुसार जिला कांग्रेस के द्वारा दोनों स्थानों पर हेलीपैड के निर्माण के लिए भी अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया था। इस अनुमति के लिए लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग की ओर अनापत्ति भी प्राप्त हो गई थी। इसके बाद में इंदौर विमानतल के प्रमुख से भी अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना जरूरी हो गया था। जब वहां से अनापत्ति प्राप्त करने की कोशिश की गई तो वहीं पर काम बिगड़ गया। सेना की आपत्ति के चलते हुए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस को दशहरा मैदान पर हेलीपैड बनाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया है। यह अनुमति नहीं मिल पाने के कारण कांग्रेस में फिर से हलचल मच गई है। अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इंदौर के विमानतल से हेलिकॉप्टर से उड़ान भरने के बाद यदि सीधे वेटरनरी कॉलेज के मैदान पर ही उतरेंगे तो फिर वहां से 6 किलोमीटर दूर आंबेडकर स्मारक पर कैसे जाएंगे। यदि यह दोनों नेता कार से आंबेडकर स्मारक तक जाते हैं तो पुलिस के द्वारा रास्ते को बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए कार्यक्रम स्थल तक आ पाना मुश्किल हो जाएगा। अब कांग्रेस के नेता इस समस्या का समाधान ढूंढने में लगे हैं।
सभा में होंगे कबीर के भजन
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा यह तय किया गया है कि वेटरनरी कॉलेज के परिसर में आयोजित की जाने वाली राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की सभा में एक छोटा मंच कबीर गायको का बनाया जाएगा। इस मंच पर बैठकर इन गायको के द्वारा कबीर के भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। जय बापू, जय भीम, जय संविधान के अपने अभियान के समापन के लिए कांग्रेस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम से कबीर को भी जोडऩे की कोशिश की जाएगी ।
राहुल की सभा में बनेंगे 2 मंच
इसके साथ ही कांग्रेस के द्वारा यह तय किया गया है कि वेटरनरी कॉलेज के सभा स्थल पर दो मंच बनाए जाएंगे। एक मंच पर तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खडग़े होंगे जबकि दूसरे मंच पर कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य होंगे। इस मंच पर विभिन्न राज्यों से आए केंद्रीय नेता भी बैठेंगे। वैसे शुरुआती दौर में कांग्रेस के द्वारा सभा स्थल पर 3 मंच बनाने की योजना बनाई गई थी। इसमें तीसरे मंच पर मध्य प्रदेश के प्रमुख नेताओं को बैठाने की तैयारी थी। योजना जब आगे बड़ी तो यह तीसरा मंच कांग्रेस के द्वारा ही निरस्त कर दिया गया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved