
नई दिल्ली. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (President Putin) BRICS Summit 2026 में शामिल होने के लिए भारत (India) पहुंच गए हैं. पुतिन शुक्रवार को दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे. भारत पहुंचने पर विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह (Kirti Vardhan Singh) ने उनका स्वागत किया. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हो गया है. उनके होटल आईटीसी मौर्या में ठहरने की संभावना है.
पुतिन के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. वह BRICS Summit में हिस्सा लेने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होगी. पिछले 9वें महीने में पुतिन का यह दूसरा भारत दौरा है. इससे पहले वे 5 दिसंबर 2025 को भारत आए थे.
पुतिन के दौरे को लेकर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
पुतिन के दिल्ली पहुंचने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां पूरी कर ली थीं. उनके एयरपोर्ट से होटल और फिर भारत मंडपम जाने वाले रास्तों पर खास निगरानी रखी जा रही है. BRICS Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होना है. इसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुख शामिल होंगे.
पुतिन के संभावित ठहराव वाले होटल में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं. होटल और उसके आसपास कई स्तरों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. रूसी सुरक्षा टीम भी पहले से दिल्ली पहुंच चुकी है. इस टीम ने होटल और आसपास के इलाके की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है.
चार स्तर का सुरक्षा घेरा, रूस की अपनी सुरक्षा टीम भी साथ
पुतिन के होटल में चार स्तर का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. सबसे अंदर क्लोज प्रोटेक्शन टीम यानी CPT रहेगी. यह टीम राष्ट्रपति की नजदीकी सुरक्षा संभालेगी. इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे.
तीसरे स्तर पर दिल्ली पुलिस के कमांडो और अर्धसैनिक बलों के जवान रहेंगे. सबसे बाहरी सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के पास होगी. होटल के कर्मचारियों की भी जांच की गई है. सुरक्षा एजेंसियां हर स्तर पर निगरानी रख रही हैं. पुतिन के साथ रूस की अपनी सुरक्षा टीम भी मौजूद रहेगी. इसमें कमांडो और सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं. ये जवान राष्ट्रपति के मूवमेंट के दौरान उनके आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखेंगे.
पुतिन के संभावित होटल में एक अतिरिक्त डीसीपी और दो एसीपी को अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया गया है. रूसी सुरक्षा अधिकारियों ने भारतीय एजेंसियों के साथ मिलकर तैयारियों का जायजा लिया है.
पीएम मोदी से होगी अहम मुलाकात
भारत दौरे के दौरान पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत शुक्रवार को होने की उम्मीद है. रक्षा, व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.
भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है. नई दिल्ली में होने वाली बैठक में आर्थिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी. पुतिन का भारत पहुंचना इस शिखर सम्मेलन से पहले अहम हाई प्रोफाइल आगमन है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved