
कोझिकोड। कर्नाटक भाजपा (BJP) ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खरगे (Priyank Kharge) से बिना शर्त माफी (Sorry) की मांग की है। भाजपा ने प्रियांक खरगे पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधने और अदालत के आदेश के बारे में जनता को गुमराह करने के लिए एआई तस्वीर शेयर कर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया है।
भाजपा ने प्रियांक खरगे पर ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ पहल का मजाक उड़ाने का भी आरोप लगाया और उनसे बिना शर्त माफी मांगने की मांग की। गौरतलब है कि एआई वाली तस्वीर पर सियासी बवाल होने पर खरगे ने विवादित पोस्ट डिलीट कर दी थी। इस पोस्ट में 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले का जिक्र था।
प्रियांक खरगे ने विवाद बढ़ने पर एक अन्य पोस्ट में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हालांकि पोस्ट में मौजूद तस्वीर एआई से बनाई गई हो सकती है और अनजाने में हुई चूक के कारण साझा की गई हो सकती है। लेकिन आपकी प्रसिद्धि पहले ही आप तक पहुंच चुकी है।’ इस पोस्ट में उन्होंने एक और तस्वीर साझा की।
दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में उन्नाव दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे भाजपा से निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की जेल की सजा को निलंबित कर दिया। हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि वह पहले ही सात साल और पांच महीने जेल में बिता चुके हैं।
वहीं, कर्नाटक भाजपा ने प्रियांक खरगे पर पलटवार करते हुए दावा किया कि स्वघोषित ‘फैक्ट चेकर’ प्रियांक खरगे फर्जी खबरें फैलाते हुए पकड़े गए। भाजपा ने पोस्ट में कहा, ‘आईटी मंत्रालय संभालने के बावजूद खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने और अदालत के आदेश के बारे में जनता को गुमराह करने के लिए एक दुर्भावनापूर्ण एआई तस्वीर शेयर की।’
भाजपा ने आरोप लगाया, ‘प्रियांक खरगे ने भारत की बेटियों को सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ का शर्मनाक ढंग से मजाक उड़ाया। सस्ती राजनीति के लिए झूठ का इस्तेमाल करते हुए इसके अर्थ को तोड़-मरोड़ दिया।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved