
नई दिल्ली। देश में सस्ती विमानन सेवा प्रदाता कंपनी इंडिगो ने कहा कि पूर्णबंदी के बाद आज उसके नियमित उड़ानों की संख्या 50 हजार पहुंच गई है।
इंडिगो ने बताया कि घरेलू मार्गों पर शुरू की गई नियमित यात्री उड़ानों के साथ ही चाटर्ड यात्री उड़ानों, चाटर्ड मालवहन उड़ानों, द्विपक्षीय समझौतों (बबल उड़ान) के तहत शुरू की गई उड़ानों और वंदे भारत मिशन की उड़ानों को मिलाकर आज उसकी उड़ानों की संख्या 50 हजार के पार पहुंच गई। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह देश की पहली एयरलाइन है। इंडिगो ने बताया कि सुबह दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना के लिए रवाना हुई उड़ान संख्या 6 ई-494 के साथ ही पूर्णबंदी के बाद की 50 हजार उड़ानों की उपलब्धि उसने हासिल कर ली। इस दौरान वह 47,865 घरेलू और 1,799 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि यात्रियों की संख्या के लिहाज से इंडिगो देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी है। घरेलू मार्गों पर नियमित उड़ानों के यात्रियों की संख्या में उसकी हिस्सेदारी पूर्णबंदी से पहले 50 प्रतिशत से कुछ कम थी जो पूर्णबंदी के बाद जुलाई में बढ़कर 60 प्रतिशत को पार कर गई है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved