
सुलतानपुर। राहुल गांधी दुनिया के सबसे कन्फ्यूज नेता है। उनको कृषि कानून की जानकारी नहीं है। कृषि कानून देश के सभी राज्यों ने स्वीकार कर लिया, कांग्रेस की पंजाब सरकार को छोड़कर, भाजपा व केन्द्र सरकार सबकी बातें सुनने को तैयार है। हमारे कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर व गृहमंत्री अमित शाह लगातार आन्दोलनरत किसानों से वार्ता करना चाहते हैं।
यह बातें भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार देर शाम रजनीश त्रिपाठी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि किसानों के नेताओं को 3 दिसम्बर को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है।
श्री तिवारी ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षीदल किसानों को भड़काने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के आय दोगुना करके उनको आर्थिक रूप से मजबूत करना चाहते हैं। पंजाब के किसान के नाम पर जो आन्दोलन कर रहे हैं वह सरकार के साथ बात नहीं करना चाहते। एमएसपी जैसे थी वैसी ही रहेगी। सरकार बिचौलियों को हटाकर किसानों को धान का एमएसपी मूल्य दे रही है। मैं भी किसान का बेटा हूं। मुझे मालूम है कि उत्तर प्रदेश, बिहार सहित सभी भाजपा शासित राज्य किसानों की धान की खरीद एमएसपी पर कर रहे हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved