मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव (Rajpal Yadav) हाल ही में सोनू सूद (Sonu Sood) के ऑफिस पहुंचे, जहां दोनों कलाकारों की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों एक्टर्स हंसते हुए बाहर आते हैं, एक-दूसरे को गले लगाते हैं और पैपराजी के सामने पोज देते नजर आते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक राजपाल यादव वर्सोवा स्थित सोनू सूद के प्रोडक्शन हाउस शक्ति सागर पहुंचे थे। वहां दोनों की मुलाकात हुई और फिर वे बाहर आकर मीडिया के कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए दिखाई दिए।
दरअसल पिछले महीने फरवरी में Delhi High Court के आदेश के बाद राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में खुद को सरेंडर कर दिया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
उस समय सोनू सूद उन पहले लोगों में शामिल थे जिन्होंने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया था। सोनू ने ट्वीट कर कहा था कि वे राजपाल यादव को अपनी फिल्म में कास्ट करने और उन्हें एडवांस पेमेंट देकर मदद करने को तैयार हैं। इसके बाद कई सेलेब्रिटी भी उनकी मदद के लिए आगे आए।
राजपाल के बयान से हुई थी चर्चा
हालांकि जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव के एक बयान ने सबको चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि लोगों में यह गलतफहमी है कि उनके पास काम नहीं है।
राजपाल के मुताबिक आने वाले समय में उनके पास करीब 1200 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स हैं और इंडस्ट्री में उन्हें कभी काम की कमी नहीं रही।
सोनू सूद ने दी थी सफाई
राजपाल के बयान के बाद सोनू सूद ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि राजपाल यादव के पास काम नहीं है, बल्कि सिर्फ मदद के तौर पर एडवांस पेमेंट देने की बात कही थी।
इन सब चर्चाओं के बाद जब राजपाल यादव अचानक सोनू सूद के ऑफिस पहुंचे तो दोनों की मुलाकात ने फैंस का ध्यान खींच लिया। दोनों एक्टर्स ने बाहर आकर गले मिलते हुए पैपराजी को पोज दिए।
हालांकि यह मुलाकात किसी नई फिल्म से जुड़ी है या सिर्फ निजी तौर पर हुई, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मदद करने वालों के पैसे लौटाने की बात
राजपाल यादव ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि जिन लोगों ने मुश्किल समय में उनकी मदद की है, वे सभी का पैसा लौटाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक चेक बाउंस केस से जुड़ा कर्ज करीब 9 करोड़ रुपये बताया गया था।
दोनों कलाकारों को एक साथ देखकर उनके फैंस काफी खुश नजर आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved