
नई दिल्ली । फरहान अख्तर(Farhan Akhtar) की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 (Don 3 movie)इन दिनों कहानी या कास्टिंग (Story or Casting)से ज्यादा विवादों को लेकर चर्चा में है। पहले जहां रणवीर सिंह (Ranveer Singh)को शाहरुख खान(Shahrukh Khan) की जगह नए डॉन के रूप में पेश किए जाने की खबर से फैंस उत्साहित थे, वहीं अब उनके फिल्म से बाहर होने की खबर ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। मामला यहीं नहीं थमा, बल्कि अब इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह और प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच मतभेद इतने बढ़ गए कि बात मुआवजे तक पहुंच गई। दावा किया जा रहा है कि रणवीर के फिल्म छोड़ने के बाद उनसे करीब 40 करोड़ रुपये बतौर कम्पनसेशन की मांग की गई। इस मुद्दे पर हाल ही में इंडस्ट्री के स्टेकहोल्डर्स के साथ एक अहम मीटिंग भी हुई, जिसमें दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं।
सूत्रों के अनुसार, रणवीर सिंह ने मीटिंग में एक्सेल एंटरटेनमेंट पर अनप्रोफेशनल व्यवहार का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ‘डॉन 3’ की शूटिंग और स्क्रिप्ट को लेकर मेकर्स गंभीर नहीं थे। रणवीर ने कथित तौर पर यह भी कहा कि फरहान अख्तर के पास फिल्म की पूरी तरह बाउंड स्क्रिप्ट तैयार नहीं थी और एक अभिनेता के तौर पर वे उसी प्रोजेक्ट से जुड़ना चाहते हैं जो पूरी तरह विकसित हो चुका हो। यह भी दावा है कि रणवीर को लगा कि स्क्रिप्ट पर उनके फीडबैक को महत्व नहीं दिया जा रहा था।
विवाद को और हवा तब मिली जब रिपोर्ट्स में यह सामने आया कि रणवीर ने आरोप लगाया कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ऋतिक रोशन को फिल्म में लेने पर विचार कर रहा था। कहा जा रहा है कि ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद ऋतिक को दोबारा अप्रोच करने की योजना बनाई जा रही थी। गौरतलब है कि ऋतिक रोशन ‘डॉन 2’ में एक कैमियो भूमिका में नजर आ चुके हैं, जो 2011 में रिलीज हुई थी।
हालांकि, प्रोडक्शन हाउस से जुड़े सूत्रों का अलग ही पक्ष है। उनके मुताबिक, स्क्रिप्ट को समय-समय पर रणवीर के साथ साझा किया जाता रहा और उन्होंने हर चरण में इसे मंजूरी दी थी। फरहान अख्तर कथित तौर पर चाहते थे कि स्क्रिप्ट में अनावश्यक दखल न हो और फिल्म की विजन के साथ समझौता न किया जाए। मेकर्स का मानना है कि उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है और वे इस पर समाधान चाहते हैं।
दूसरी ओर, रणवीर सिंह के करीबी सूत्रों का कहना है कि अभिनेता ने अपनी मानसिक शांति को प्राथमिकता देते हुए फिल्म से दूरी बनाई। उनका मानना था कि ‘डॉन 3’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट के साथ जिस तरह का व्यवहार होना चाहिए था, वैसा नहीं हुआ। साथ ही यह भी दावा किया गया कि फरहान अख्तर अपने अन्य प्रोजेक्ट्स और एक्टिंग करियर में ज्यादा व्यस्त थे, जिससे फिल्म की तैयारी प्रभावित हुई।
फिलहाल ‘डॉन 3’ का भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है। क्या रणवीर की जगह कोई और बड़ा नाम लेगा? क्या ऋतिक रोशन की एंट्री संभव है? इन सवालों के जवाब आने वाले समय में ही मिलेंगे, लेकिन इतना तय है कि डॉन की तीसरी किस्त रिलीज से पहले ही जबरदस्त ड्रामा झेल रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved