
जोधपुर । एम.एस. बिट्टा (MS Bitta) ने कहा कि क्षेत्रीय और प्रांतीय राजनीति (Regional and Provincial Politics) देश की एकता के लिए खतरनाक है (Are dangerous for the Unity of the Country) ।
ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष एम.एस. बिट्टा अपने जोधपुर दौरे पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देकर गए। बिलाड़ा रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने न केवल हालिया घटनाक्रमों पर तीखी प्रतिक्रिया दी, बल्कि देशवासियों को जाति-धर्म और प्रांतीयता से ऊपर उठकर “वंदे मातरम” की भावना से जुड़ने की अपील भी की।
हाल ही में लेह-लद्दाख में हुई हिंसक घटनाओं को लेकर बिट्टा ने गहरी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा— “मेरा लद्दाख, मेरा पंजाब, मेरा राजस्थान कहना गलत है। होना तो यह चाहिए कि हम सब कहें— मेरा हिंदुस्तान, मेरा भारत और मेरा वंदे मातरम।” उन्होंने क्षेत्रीयता और प्रांतीय राजनीति को देश की एकता के लिए खतरनाक बताया और कहा कि जब तक हम ‘एक भारत’ के संकल्प के साथ खड़े नहीं होंगे, तब तक चुनौतियां हमारे सामने बनी रहेंगी।
भारत की पाकिस्तान पर एशिया कप 2025 में जीत को उन्होंने सिर्फ खेल की उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान की जीत बताया। बिट्टा ने कहा— “पाकिस्तान को हमने पहले भी कई बार मुंहतोड़ जवाब दिया है— अब मैदान में भी भारतीय खिलाड़ियों ने करारा जवाब दिया है। यह गौरव की बात है कि भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी नेताओं से ट्रॉफी नहीं ली। पाकिस्तान के खिलाड़ियों को खुद ट्रॉफी लेकर आना पड़ा। यह हमारे आत्मसम्मान का प्रतीक है।”
अपने संक्षिप्त, लेकिन प्रभावशाली संबोधन में बिट्टा ने स्पष्ट कहा कि जाति, धर्म, भाषा और प्रांत के आधार पर बंटने से देश कमजोर होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया—“आज ज़रूरत है वंदे मातरम की भावना से जुड़ने की, न कि प्रांतीयता के जाल में फंसने की।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved