
इंदौर। अब नगर निगम अफसरों का सारा ध्यान सडक़ों पर है। राजबाड़ा के आसपास के कई इलाकों की सडक़ें पानी से धोई जा रही हैं, जबकि कृष्णपुरा छत्री के घाट और उसके आसपास के हिस्सों में गंदगी और गाद का अंबार है। यही हाल कान्ह नदी के कई हिस्सों में है। इनके साथ-साथ कई नालों की भी स्थिति बदहाल है।

नगर निगम की टीमों ने बारिश के पहले कुछ स्थानों पर नदी-नालों की सफाई का अधूरा अभियान चलाया था। उसके बावजूद कई क्षेत्रों में नाले किनारे कचरे के अंबार लगे पड़े हैं। कृष्णपुरा छत्री के आसपास के हिस्सों में कान्ह की हालत सबसे ज्यादा बदतर हो रही है। कृष्णपुरा छत्री के कई घाट और शिवाजी मार्केट के पीछे के हिस्सों में कई दिनों से गाद और गंदगी के कारण दुकानदार भी परेशान हैं। करोड़ों रुपए कान्ह को संवारने में खर्च कर दिए गए, मगर फिर भी इसकी दशा नहीं बदली और स्थिति खस्ताहाल होती जा रही है।
इसके अलावा शहर के कई छोटे-बड़े नालों के भी यही हाल हैं। नगर निगम नदी-नालों की सुध नहीं ले रहा है, लेकिन राजबाड़ा और उसके आसपास की सडक़ों को हर एक, दो दिनों में धोया जा रहा है। इसके लिए वर्कशाप विभाग से विशेष गाडिय़ां बुलाकर सुबह से कर्मचारियों की टीमें सडक़ों को चकाचक करने में जुटी रहती हैं। राजबाड़ा, गोपाल मंदिर रोड और पीपली बाजार, इमामबाड़ा और शिव विलास पैलेस क्षेत्र से लेकर अहिल्या उद्यान के आसपास यह अभियान आज भी जारी रहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved