
जबलपुर। जिले के पनागर थाना अंतर्गत ग्राम कारीवाह में उस समय भारी तनाव व्याप्त हो गया, जब संत रविदास जयंती के पावन अवसर पर आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में एक युवक ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने न केवल कार्यक्रम में बाधा डाली, बल्कि पूज्य संत की तस्वीर का अपमान भी किया, जिससे स्थानीय समाज में भारी आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कारीवाह में अनुसूचित जाति समाज द्वारा संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही थी। ग्रामीण शांतिपूर्ण ढंग से श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे थे, तभी गांव का ही निवासी नीरज दुबे शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने पहले तो आयोजकों को कार्यक्रम तुरंत बंद करने की धमकी दी। जब लोगों ने इसका विरोध किया, तो उसने आपा खो दिया और मंच पर रखी संत रविदास महाराज की फोटो उठाकर जमीन पर पटक दी। इतना ही नहीं, उसने वहां रखी अन्य सामग्री और साज-सज्जा को भी तितर-बितर कर दिया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव
घटना के बाद समाजजनों की धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं और मौके पर स्थिति अनियंत्रित होने लगी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पनागर पुलिस तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया, जिससे गांव कुछ समय के लिए पुलिस छावनी जैसा नजर आने लगा। पुलिस ने आरोपी नीरज दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। पनागर पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और शांति भंग करने की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विमलेश चौधरी सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved