मॉस्को। रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Putin) के नेतृत्व में हाल ही में अपने सबसे घातक सामरिक हथियारों का परीक्षण करके वैश्विक स्तर पर सनसनी फैला दी है। इनमें असीमित दूरी तय करने वाली परमाणु ऊर्जा से संचालित क्रूज मिसाइल ‘बुरेवेस्तनिक’ और परमाणु सुनामी पैदा करने में सक्षम पनडुब्बी ड्रोन ‘पोसाइडन’ (poseidon) प्रमुख हैं। अब पुतिन ने घोषणा की है कि रूस ने अगली पीढ़ी की परमाणु ऊर्जा चालित क्रूज मिसाइलों का विकास शुरू कर दिया है।
TASS के अनुसार, पुतिन ने कहा कि रूस ने ‘ओरेश्निक’ मध्यम दूरी वाली मिसाइल प्रणाली तैयार कर ली है, इसे ड्यूटी पर लगा दिया गया है और इसका बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू हो चुका है। रूसी राष्ट्रपति ने बताया कि अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों तथा पनडुब्बी-प्रक्षेपित मिसाइलों को उन्नत आयुधों से युक्त किया गया है। इस अवसर पर पुतिन ने ‘बुरेवेस्तनिक’ मिसाइल और ‘पोसाइडन’ मानवरहित पनडुब्बी के डेवलपर्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि परमाणु हथियार रूस के लिए तथा समूची 21वीं सदी के लिए ऐतिहासिक महत्व रखते हैं।
अपने भाषण में पुतिन ने दावा किया कि ‘बुरेवेस्तनिक’ ने दुनिया की सभी ज्ञात मिसाइल प्रणालियों को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा, उन्होंने खुलासा किया कि 21 अक्टूबर को इस मिसाइल के परीक्षण वाले क्षेत्र में एक नाटो जहाज मौजूद था, लेकिन मॉस्को ने उसके संचालन में कोई बाधा नहीं डाली। ‘बुरेवेस्तनिक’ के अलावा, रूस ने हाल ही में ‘पोसाइडन’ ( एक परमाणु ऊर्जा से चलने वाले पनडुब्बी ड्रोन) का परीक्षण किया है। साथ ही, ‘खाबरोवस्क’ नामक नई परमाणु पनडुब्बी का जल प्रक्षेपण भी हुआ है, जो विशेष रूप से ऐसे हथियारों को तैनात करने के लिए तैयार की गई है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved