विदेश

रूस के ब्रह्मास्त्र ‘किंझल’ को यूक्रेन ने मार गिराया, अमेरिका की इस मिसाइल ने दिखाया कमाल

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन में जंग जारी है। यूक्रेन अब रूसी सेना पर पलटवार कर रहा है। रूस जहां यूक्रेन पर ताबड़तोड़ बम गिरा रहा है, वहीं यूक्रेन रूसी हमलों को नाकाम कर रहा है। इसी बीच यूक्रेन ने दावा किया कि उसने रूस की हाइपरसोनिक मिसाइल किंझल को मार गिराया है। रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने किंझल मिसाइल को ‘अजेय’ करार दिया था और इसकी तारीफों के पुल बांधे थे।

रूस की इस किंझल मिसाइल को गिराने के बाद यूक्रेन के सैनिक खासे उत्साहित हैं। इसी बीच यूक्रेन ने संकेत दिया है कि उसने अमेरिका के पैट्रियट सिस्‍टम की मदद से रूसी हाइपरसोनिक मिसाइल को मार गिराया है। अब तक माना जाता था कि रूस की हाइपरसोनिक मिसाइलों को हवा में ही तबाह नहीं किया जा सकता है, लेकिन यूक्रेन की सफलता ने पुतिन को बड़ी टेंशन दे दी है।


यूक्रेन की वायुसेना के प्रवक्ता यूरिये इनहत ने घोषणा की है कि उनकी सेना ने एक X-47M किंझल मिसाइल को राजधानी कीव के ऊपर मार गिराया है। उन्‍होंने कहा कि यह हमला 14 दिसंबर को रूसी सेना की ओर से किया गया था। इनहत ने कहा, ‘एक मिसाइल को मार गिराया गया है।’ इसकी पुष्टि यूक्रेनी वायुसेना के प्रमुख ने भी की है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने अभी इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है। यूक्रेन के किंझल को मार गिराने के दावे की अभी स्‍वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

यह रूसी हाइपरसोनिक मिसाइल है, जो काफी खतरनाक मानी जाती है, जिसका निशाना विध्वंस मचा देता है। इसकी गति आवाज से भी तेज है। किंझल मिसाइल रूस के एडवांस्ड हथियारों में से एक मानी जाती है। रूसी सेना के दावे के अनुसार हवा से लॉन्च की जाने वाली बैलिस्टिक मिसाइल की रेंज 2000 किलोमीटर तक है। यह आवाज की गति से 10 गुना ज्‍यादा स्‍पीड से उड़ती है और इसे रोकना मुश्किल हो जाता है। हाइपरसोनिक स्‍पीड और इसके वॉरहेड मिसाइल को अंडररग्राउंड बंकर्स या पहाड़ी सुरंगों में छिपे टारगेट को नष्‍ट करने में सक्षम बनाता है।

पहले यूक्रेन ने यह दावा किया था कि उसके पास किंझल मिसाइल के अटैक को रोकने की क्षमता नहीं है। तब रूस ने दावा किया था कि अमरिकन पैट्रियट एक पुराना हथियार है, जबकि रूसी हथियार विश्व में सबसे बेहतर हैं। लेकिन किंझल का जो नतीजा निकला, उसने कुछ अलग ही कहानी रच दी। इसी बीच यूक्रेनी मीडिया ने चेतावनी दी कि रूस इसके बाद अब और ज्‍यादा किंझल मिसाइलें यूक्रेन की राजधानी कीव पर दाग सकता है।

Share:

Next Post

PM मोदी से हंसते हुए मिले कर्नाटक के CM सिद्धारमैया, कर दी ये बहुत बड़ी मांग

Tue Dec 19 , 2023
बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके दफ्तर में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में सूखे की स्थिति से निपटने के लिए 18,177.44 करोड़ रुपये का मुआवजा पैकेज तत्काल जारी करने की मांग की। सिद्धारमैया के साथ कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरेगौड़ा भी बैठक […]