कीव । रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध (War between Russia and Ukraine) के 27वें दिन भी जंग जारी है। गत दिवस मारियुपोल (Mariupol) के स्कूल पर बम बरसाए गए। स्कूल में शरण पाए 400 लोगों में से बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गयी है। सूमी में केमिकल प्लांट (Chemical Plant in Sumi) से अमोनिया गैस लीक हो जाने से दहशत का वातावरण बना हुआ है।

इस बीच सूमी पर लगातार हवाई हमले जारी रहे। इस हवाई हमले की चपेट में आकर सूमी केमिकल प्लांट में अमोनिया गैस लीक हो गई। सूमी ओब्लास्ट के गवर्नर दिमित्रो जियवेत्स्की ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे सुमीखिंप्रोम रासायनिक संयंत्र से अमोनिया का रिसाव हुआ। उन्होंने कहा कि, इससे 2.5 किलोमीटर का क्षेत्र प्रभावित हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से तुरंत भूमिगत आश्रय लेने को कहा गया है।
यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार वादिम देनिसेंको ने कहा कि यूक्रेन और रूसी सेना के बीच मारियुपोल में अजोवस्टल स्टील प्लांट को लेकर भीषण संघर्ष हुआ था। रूस मारियुपोल पर कब्जा करने के लिए जी जान से लगा है। ऐसा कहा जा रहा है कि अगर रूस ने मारियुपोल फतह कर लिया तो उसके लिए यूक्रेन को हराना आसान हो जाएगा। अजोव सागर के तट पर बसा ये बंदरगाह शहर यूक्रेन के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम हैं।
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की ओर से सोमवार को बताया गया कि उत्तरी कीव में रूस व यूक्रेन की सेना के बीच जबरदस्त लड़ाई चल रही है। शहर के उत्तर-पूर्व में यूक्रेनी सैनिकों ने रूस को रोक कर रखा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved