
- शिक्षकों ने बच्चों के साथ खिंचवाई सेल्फी
उज्जैन। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में आज से नए शिक्षा सत्र की शुरूआत हो गई हैं। पहला दिन स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रवेश उत्सव के रूप में मनाया गया। इस मौके पर सभी स्कूल प्राचार्यों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और विद्यार्थियों को किताबें भी बांटी गई।
आज से शुरू हुए नवीन शिक्षण सत्र वर्ष 2026-27 को स्कूल शिक्षा विभाग ‘स्कूल चलें हमÓ अभियान के रूप में मना रहा है। यह अभियान एक अप्रैल से 4 अप्रैल तक चलेगा। अभियान में 4 अप्रैल तक प्रतिदिन शालाओं में विभिन्न कार्यक्रम होंगे, वहीं नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 में नामांकन एवं पुर्नभ्यास संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। पहले एक माह तक विद्यार्थियों को बुनियादी शिक्षा के लिए पुनर्भ्यास कराया जाएगा। इसके बाद जून में जब स्कूल खुलेंगे तो नई कक्षा की पढ़ाई शुरू होगी। सत्र के प्रारंभ में विद्यार्थियों में विज्ञान, गणित एवं भाषा विषय की कठिन अवधारणाओं का अभ्यास 30 अप्रैल तक कराया जाएगा, जिससे गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को पढ़ाई में कोई कठिनाई ना हो। पहले दिन शासकीय पीएम श्री कन्या उमावि दशहरा मैदान में अधिकांश विद्यार्थी उत्साह पूर्वक पहुँचे, इस मौके पर स्कूल प्राचार्य अभिमन्यु व्यास ने सभी बच्चों का स्वागत हल्दी कुमकुम का तिलक लगाकर किया। वहीं उपस्थित शिक्षकों ने बच्चों के साथ सेल्फी खिंचवाई।