
वरिष्ठ अधिकारियों ने ली यातायात विभाग के चालानकर्ता अधिकारियों की समीक्षा बैठक
अधिकारी का जवाब- बचो ऐसे विवादों से… बॉडी वॉर्न कैमरे रखो ऑन
इन्दौर। परसों यातायात विभाग (Transport Department) के चालानकर्ता अधिकारियों (officials) की बैठक के दौरान सोशल मीडिया (Social media) पर वायरल वीडियो (viral video) पर हो रही एक पक्षीय कार्रवाई को लेकर पुराने और लंबी नौकरी कर चुके अधिकारियों का दर्द छलका है। वरिष्ठ अधिकारियों ने समीक्षा बैठक के दौरान सभी से ड्यूटी के दौरान आ रही परेशानियों को बताने का जिक्र किया, जिसके बाद ये बात उठी।
परसों शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी ने यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली थी, जिसमें यातायात पुलिस के एडिशनल डीसीपी, एसीपी, निरीक्षक के साथ ही सूबेदार, उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक को बुलाया गया था। शहर की यातायात व्यवस्था और चालानी कार्रवाई पर बातचीत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी को ड्यूटी के दौरान आने वाली परेशानियों को सामने रखने की बात कही। वायरल वीडियो पर हो रही कार्रवाई का मुद्दा प्रमुख रहा, जिसमें एक सीनियर एसआई ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर एक तरफा कार्रवाई क्यों हो रही है, वो भी सीधे नौकरी से बर्खास्त किया जा रहा है। अधिकारियों ने इस पर सभी को ऐसे विवादों से बचने की सलाह दी और कहा कि हमेशा अपने बॉडी वॉर्न कैमरे ऑन रखें। सभी से शांतिपूर्वक बात करके उन्हें उनकी गलती और चालान की धाराओं के साथ राशि बताएं। अधिकारियों ने यह सलाह भी दी कि सभी अपने पास प्रमुख धाराओं और उनकी चालानी राशि का एक चार्ट भी तैयार करके रख सकते हैं, जिससे आसानी होगी। कुछ ने चालानी कार्रवाई के दौरान आ रही परेशानी का जिक्र किया और कहा कि हमें सपोर्ट में ऐसे स्टाफ चाहिए, जो पीओएस मशीन का संचालन बेहतर तरीके से कर सकें।
चालान संख्या बढ़ाने की भी बात
बैठक में सभी चालानकर्ता अधिकारियों को चालान संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल शहर में कई धाराओं में कार्रवाई में सख्ती नहीं दिखाई जा रही है। डीसीपी त्रिपाठी ने ये भी निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर प्रभावी पेट्रोलिंग करें। मुख्य बाजारों, चौराहों और प्रमुख मार्गों पर नियमित भ्रमण कर यातायात संचालन सुनिश्चित करें।
नो एंट्री में लगा है सौ का बल
एसीपी स्तर के एक अधिकारी ने ये बिंदु प्रमुखता से रखे कि यातायात पुलिस का फिलहाल 100 का बल शहर के नो एंट्री पॉइंट पर दो शिफ्ट में तैनात रहता है। इस बल को वापस शहर की व्यवस्था में और इनकी जगह लाइन गार्ड (डीआरपी से) को अलग-अलग शिफ्ट में लगाया जा सकता है, ताकि शहर में आ रही अमले की कमी को दूर दिया जा सके। उल्लेखनीय है कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के लिए फिलहाल नो एंट्री के पॉइंट बढ़ाकर 34 कर दिए गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved