
डेस्क: पाकिस्तान की टीम ने नामीबिया के खिलाफ अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव करते हुए शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद को बाहर कर दिया. अबरार दुनिया के नंबर 3 टी20 गेंदबाज हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें बाहर रखा गया है. इन दोनों ने टीम इंडिया के खिलाफ बेहद ही खराब प्रदर्शन किया था. पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे को मौका मिला है. इस तरह पाकिस्तान ने अपनी बैटिंग लाइनअप और ज्यादा गहरी कर दी है. सलमान आगा ने इसकी वजह नहीं बताई कि आखिर क्यों शाहीन और अबरार को बाहर कर दिया गया लेकिन इतनी बात तय है कि उनके खराब प्रदर्शन से पाकिस्तानी सेलेक्टर्स नाराज हैं. दिलचस्प बात ये है कि बाबर आजम टीम में बने हुए हैं.
मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में शाहीन अफरीदी ने 3 मैचों में 3 विकेट झटके हैं. उनका इकॉनमी रेट 11.22 रन प्रति ओवर है जो कि काफी खराब है. टीम इंडिया के खिलाफ भी ये खिलाड़ी 2 ओवर में 31 रन लुटा बैठा था. बाबर आजम भी भारत के खिलाफ महज 5 रन बनाकर आउट हुए थे और उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में 22 की औसत से 66 ही रन बनाए हैं. हालांकि बाबर को पाकिस्तान ने एक मौका और दे दिया है.
टीम इंडिया से बुरी तरह हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने शाहीन को भी टीम से बाहर करने की मांग की थी. बता दें शाहीन उनके दामाद है और इसके बावजूद उन्होंने मीडिया में ये कहा था. मोहम्मद यूसुफ ने भी शाहीन, बाबर, शादाब जैसे खिलाड़ियों को बाहर करने के लिए कहा था. अब नजर नामीबिया के खिलाफ मुकाबले पर है, अगर बाबर यहां भी फेल होते हैं तो उनका भी टीम से पत्ता साफ हो सकता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved