
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने JEE Main 2026 के पहले चरण का परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें गया जी के नादरागंज के शुभम कुमार (Shubham Kumar) ने बिहार (Bihar) में पहला और देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। शुभम के अलावा कुल 12 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया, जिनमें अधिकांश सामान्य श्रेणी के लड़के हैं। इस बार राजस्थान से तीन, आंध्र प्रदेश से दो और दिल्ली, बिहार, ओडिशा, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना से एक-एक छात्र 100 पर्सेंटाइल के साथ टॉपर बने।
शुभम का परिवार और पढ़ाई
शुभम मध्यवर्गीय परिवार से आते हैं। उनके पिता शिव कुमार की हार्डवेयर की दुकान है और मां कंचन देवी गृहिणी हैं। बड़ी बहन प्रिया कुमारी भी IIT पटना में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही हैं। शुभम ने नाजरथ अकैडमी से सीबीएसई मैट्रिक की पढ़ाई की और ऑनलाइन क्लास के बाद कोटा के एक संस्थान में ऑफलाइन कोचिंग शुरू की। यही तैयारी उन्हें JEE में सफलता दिलाने में मददगार साबित हुई।
फिर देंगे JEE Main
शुभम ने फिजिक्स और मैथ्स में पूरे 100 मार्क्स और केमिस्ट्री में 95 अंक हासिल किए। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में बेहतर प्रदर्शन के लिए वह फिर से परीक्षा देंगे। उनका कहना है, “पहले अटेम्प्ट में अपने स्कोर से खुश हूं, लेकिन अप्रैल में होने वाले दूसरे राउंड में मैं और बेहतर करने की कोशिश करूंगा।”
मेहनत और तैयारी
शुभम ने बताया कि बोर्ड एग्जाम और कॉम्पिटिटिव परीक्षा दोनों पर फोकस करना मुश्किल नहीं है। वह पिछले एक साल से कोटा में कोचिंग कर रहे हैं और पूरी मेहनत के साथ पढ़ाई पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कोर के आधार पर आगे की ब्रांच और कॉलेज का चयन करेंगे। फिलहाल उनका ध्यान JEE Advanced और बोर्ड एग्जाम पर है।
अन्य टॉपर्स और नतीजे
पटना के किदवाईपुरी निवासी आयुष्मान वत्स को 99.97 पर्सेंटाइल मिला। इसके अलावा शुभ नारायण 99.91, अंकित 99.89, अभिजीत 99.49, आदित्य 99.49, शिव शंकर 99.38 और प्रिंस को 99.05 पर्सेंटाइल मिली। अंतिम उत्तर कुंजी के बाद नौ प्रश्न हटा दिए गए।
JEE Main के पेपर-1 का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जबकि पेपर-2 (B.Arch/B.Planning) का परिणाम बाद में आएगा। दूसरे चरण की परीक्षा दो अप्रैल से नौ अप्रैल तक दो पालियों में आयोजित होगी। इस परीक्षा के आधार पर JEE Advanced में बैठने की पात्रता तय होगी, और सफल छात्र IIT, NIT और अन्य संस्थानों में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved