
इंदौर। शहर में हर दिन ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। परसों रात नवंबर के इतिहास की दूसरी सबसे ठंडी रात के बाद कल दिन के तापमान में भी गिरावट आई। पहली बार दिन का पारा 26 डिग्री के नीचे आया और कल सीजन का पहला
कोल्ड-डे बन गया। वहीं कल रात तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई, लेकिन ठंड में कोई कमी महसूस नहीं हुई।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 0.8 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के मुताबिक रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम होने और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री से ज्यादा कम होने पर कोल्ड-डे (शीतल दिन) घोषित किया जाता है। कल शहर में यही स्थिति बनी। इसके कारण सीजन का पहला कोल्ड-डे घोषित किया गया। वहीं लगातार नौवीं रात भी शहर में तीव्र शीतलहर का दौर जारी रहा।
आज-कल भी शीतलहर की चेतावनी…गुरुवार से कम होगी ठंड
मौसम केंद्र भोपाल ने कल प्रदेश के सभी शहरों के अगले 5 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया। इसमें इंदौर में आज और कल भी शीतलहर की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि गुरुवार से शहर के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे शीतलहर की स्थिति खत्म होगी और लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।
9 रातों से कोल्ड वेव, कल कोल्ड-डे भी कब बदलेगा स्कूलों का समय
शहर में लगातार बढ़ते ठंड के असर, लगातार 9 रातों से जारी तीव्र शीतलहर (सीवर कोल्ड वेव) और कल हुए शीतल दिन (कोल्ड-डे) के बावजूद अब तक जिला प्रशासन ने सुबह स्कूलों का समय देरी से किए जाने का कोई आदेश नहीं दिया है, जबकि हर साल शीतलहर की स्थिति में बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूलों को देर से लगाने के आदेश जारी किए जाते हैं। इसके कारण रोज जल्दी सुबह बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है। इसे लेकर पालक और बच्चे दोनों ही परेशान हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved