
इन्दौर। नगर निगम शहर के 25 स्थानों पर स्मार्ट टायलेट बनाने जा रहा है। इसके लिए आज टेंडर जारी किए गए हैं। पीपीपी मॉडल पर यह कार्य होगा और ठेका लेने वाली संबंधित एजेंसी 15 साल तक इनका संचालन और संधारण करेगी। बदले में स्मार्ट टायलेट के बाहरी हिस्से में दुकानें भी बनाएगी।
नगर निगम द्वारा स्वच्छता मिशन के तहत पूर्व में कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर सार्वजनिक सुविधाघर बनाए गए थे। इसके साथ-साथ कई फर्मों को इसके संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी। अब शहर के कुछ नए स्थानों पर 25 स्मार्ट टायलेट बनाए जाने की तैयारी है। अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए टेंडर जारी किए गए हैं और यह कार्य पीपीपी मॉडल पर कराया जाएगा।
इसका निर्माण करने वाली एजेंसी या ठेकेदार परिसर के बाहरी हिस्से में एक दुकान का निर्माण भी करेगा और बदले में 15 सालों तक संचालन और संधारण का कार्य संभालेगा। निगम ने इससे पहले भी प्रयोग के तौर पर कुछ जगह यह कार्य शुरू कराए थे, लेकिन विभिन्न कारणों के चलते मामला उलझन में पड़ गया था। निगम ने स्मार्ट टायलेट के लिए आज टेंडर जारी किए हैं और अलग-अलग शर्तें रखी गई हैं। साथ ही 25 स्थानों पर बनने वाले स्मार्ट टायलेट के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिए गए हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved