
भोपाल। निशातपुरा इलाके में रहने वाली एक महिला पर उनके दामाद ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी पत्नी को लेने के लिए ससुराल पहुंचा था, जहां उसका सास से विवाद हो गया था। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक रेहाना बेगम (45) परिवार के साथ बिलाल कालोनी एकता नगर में रहती हैं। उनकी बेटी की शादी जेपी नगर निवासी इमरान के साथ हुई है। गुरुवार रात करीब आठ बजे इमरान पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। इस दौरान रेहाना ने बेटी को परेशान करने की बात कहते हुए उसे इमरान के साथ भेजने से मना कर दिया। इमरान ने जब इसका विरोध किया तो सास ने उसे खरी-खोटी सुना दी। इससे नाराज इमरान ने घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और सास पर हमला कर दिया। महिला के गाल, पीठ और हाथ पर गंभीर चोट आई है। रेहाना के शोर मचाने पर इमरान मौके से भाग निकला, जबकि परिजनों ने रेहाना को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved