
इंदौर। रात को जिस घर के बेटे का एक्सीडेंट हुआ और उसे लेकर सभी अस्पताल पहुंचे उसी घर में सुबह आग लगने से पिता की मौत हो गई। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर की नली से गैस लीकेज होना बताया जा रहा है। घटना के दौरान जिस शख्स की मौत हुई वह अकेला था। उसके परिवार के सभी लोग अस्पताल में थे। बाणगंगा इलाका स्थित रेवती रेंज में आज सुबह राकेश पिता ओंकारलाल के घर से धुआं निकलते देख मोहल्ले के लोग जमा हुए और पानी डालकर घर में लगी आग बुझाई। घर के अंदर जाकर देखा तो राकेश का जला हुआ शव पड़ा था। घर का ज्यादातर सामान भी जल गया था। घर में राकेश अकेला था।
यह बात सामने आ रही है कि राकेश के बड़े बेटे का एक्सीडेंट होने के चलते उसके पैर में फ्रैक्चर आया था और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात तक राकेश भी अस्पताल में ही रहा था, लेकिन घर सूना होने के चलते वह पत्नी और बच्चों को अस्पताल में छोडक़र घर पर सोने के लिए आ गया था। राकेश का एक बेटा उसके दादाजी के घर पर था। मौके पर पहुंचे लोगों के अनुसार गैस की टंकी की नली जली हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि राकेश सुबह उठा होगा और चाय बनाने के लिए गैस का चूल्हे जलाया होगा। उधर, गैस नली फटी होने के चलते उसमें रिसाव हुआ होगा और माचिस जलाते ही आग लग गई होगी। हालांकि इस बात की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। यह तो केवल शंका है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved