
मुंबई। बैंकॉक से मुंबई लौट रहे एक भारतीय यात्री को रविवार को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुंबई कस्टम्स ने रोका। उसके पास से 29 विदेशी (एक्जॉटिक) वन्यजीव बरामद किए गए। वन्यजीवों की पहचान, सुरक्षित रेस्क्यू, उपचार और उन्हें स्थिर करने के लिए RAWW (रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर) की टीम को WCCB (वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो) और वन विभाग के समन्वय से बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में गिब्बन सहित कई विदेशी प्रजातियों के वन्यजीव पाए गए। अधिकारियों ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वन्यजीवों की तस्करी के इस मामले में संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें जब्त किए गए वन्यजीवों में गिब्बन, मेलानिस्टिक स्क्विरल (काली गिलहरी), बॉल पाइथन और इगुआना जैसी विदेशी प्रजातियां शामिल हैं। इन्हें बैग के अंदर छिपाकर अवैध रूप से भारत लाया जा रहा था। डीजीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जब्त किए गए इन वन्यजीवों को उस देश में वापस भेजा जाएगा, जहां से इनकी तस्करी कर लाई गई थी।
भारत में विदेशी वन्यजीवों को पालतू जानवर के रूप में रखने की काफी मांग है। इसी वजह से कुछ लोग विदेशों से इन प्रजातियों की अवैध तस्करी करते हैं। तस्करी के दौरान इन जानवरों को सूटकेसों में गलत तरीके से पैक किया जाता है, जिससे सदमे, दम घुटने या अन्य कारणों से कई बार उनकी रास्ते में भी मौत हो जाती है।
वहीं, अभी ये जानकारी सामने नहीं आई है कि यात्री इतनी बड़ीं संख्या में विदेशी जंगली जानवरों की तस्करी क्यों कर रहा था। क्या इसके पीछे किसी बड़े गैंग का हाथ है। या वह अपने स्तर पर ही इन विदेशी जंगली जानवरों को बेचने वाला था। कस्टम और सुरक्षा अधिकारी इन्हीं एंगल पर पूछताछ कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved