
कोलंबो। श्रीलंका की नौसेना ने उत्तरी जाफना प्रांत में भारतीय मछुवारों पर बड़ी कार्रवाई की है। नेवी ने डेफ्ट द्वीप के पास अपने जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में 19 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनकी दो नौकाओं को जब्त कर लिया है। श्रीलंका की नौसेना ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह एक महीने के भीतर इस तरह की दूसरी घटना है। अभी कुछ दिन पहले भी श्रीलंकाई नौसेना ने कुछ भारतीय मछुवारों को अपने क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
श्रीलंका की नौसेना ने एक बयान में कहा कि उसने तटरक्षक बल के साथ एक अभियान में बुधवार को श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे 19 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ उनकी दो नौकाओं को भी जब्त कर लिया। बयान के मुताबिक, पकड़े गए मछुआरों और उनकी दो नौकाओं को कांकेसंथुराई बंदरगाह ले जाया गया। इसमें कहा गया कि इस साल श्रीलंका की नौसेना ने अब तक 88 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और 12 भारतीय नौकाओं को भी जब्त किया है। नौसेना ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मछुआरों को अधिकारियों को सौंप दिया है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved