
मुंबई: कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने बीते दिन महाराष्ट्र चुनाव (Maharashtra elections) में धांधली का आरोप लगाया था. इसके साथ उन्होंने ये भी कहा था ऐसा ही कुछ बिहार (Bihar) में हो सकता है. राहुल के इन आरोपों के बाद से ही सियासत तेज हो गई है और उन पर चारों तरफ से सियासी हमले शुरू हो गए हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार भी लेख के जरिए ही किया है. उन्होंने राहुल के आरोपों को जनता के जनादेश का अपमान (Insult of Mandate) करार दिया हैं.
राहुल गांधी के लेख को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल ही पुणे में कहा था कि-लेख का जवाब लेख से ही मिलेगा. इसके बाद आज सीएम ने मराठी अखबार लेख के जरिए राहुल के आरोपों का खंडन किया और सीधा हमला बोला है. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे. फडणवीस ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा इन आरोपों को खारिज किए जाने का हवाला देकर इसे निराधार बताया है. देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि जिन लोगों को जनता ने नकारा है, वे जनता के फैसले को चुनौती दे रहे हैं, जो लोकतंत्र का अपमान है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव के आखिरी घंटे में 74 लाख वोट पड़े थे, जो संदेहास्पद है. इस पर फडणवीस ने कहा कि यह मतदान की अंतिम समय की भीड़ के कारण हुआ और यह सामान्य प्रक्रिया है. सीएम फडणवीस ने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करता है. चुनावी प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है.
देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और हार का दोष प्रणाली पर मढ़ रहे हैं. उन्होंने दोहराया कि लोकतंत्र में हार और जीत का निर्णय जनता करती है, जिसे सभी दलों को स्वीकार करना चाहिए. फडणवीस ने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार ने विकास और पारदर्शिता के लिए काम किया है, और जनता ने उसी को वोट दिया है. फडणवीस का तर्क है कि बीजेपी की जीत यह दिखाती है कि जनता ने उन्हें जनादेश दिया है, इसलिए विपक्ष को इसे चुनौती देने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए.
सीएम देवेंद्र ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वे एक पराजित दल के नेता हैं जो हार पचाने में असमर्थ हैं. उनके लेख को “खिसियाहट” से प्रेरित बताया गया है. यह भी कहा गया है कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र की नींव को कमजोर करता है. अगर हार को लेकर हर बार इस तरह सवाल उठाए जाएंगे तो लोकतंत्र पर से जनता का भरोसा उठ जाएगा. राहुल गांधी के लेख को भ्रामक करार देते हुए, लेख में कहा गया है कि विपक्ष सोशल मीडिया और लेखों के माध्यम से झूठ फैलाने की कोशिश कर रहा है.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved