इस्लामाबाद। मरियम नवाज (Maryam Nawaz) ने पुलिस व्यवस्था में सुधार के तहत अधिकारियों को आम नागरिकों से सम्मानजनक भाषा में बात करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अपमानजनक तरीके (Humiliating Ways) से संबोधित करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘ओये’ जैसी भाषा पर रोक
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कई स्थानों पर पुलिसकर्मी नागरिकों को नाम लेकर या ‘ओये’ जैसे शब्दों से बुलाते हैं, जो उनकी गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने निर्देश दिया कि अब सभी थानों, चौकियों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को ‘सर’, ‘मैडम’, ‘साहिब’ या ‘साहिबा’ कहकर संबोधित किया जाए।
जवाबदेही तय करने के निर्देश
मरियम नवाज ने स्पष्ट किया कि जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार पुलिस की जिम्मेदारी है। यदि कोई पुलिसकर्मी निर्देशों का पालन नहीं करता या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को नागरिकों से संवाद का तरीका सिखाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस के डराने-धमकाने वाले रवैये को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे व्यवहार को सुधारने के लिए अधिकारियों को तुरंत कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं।
बॉडी कैमरे पहनने का आदेश
सुधार प्रक्रिया के तहत पंजाब पुलिस और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को चरणबद्ध तरीके से बॉडी कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। अगले दो महीनों में इनका इस्तेमाल शुरू करने की योजना है, ताकि जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाई जा सके।
सुधारों के पीछे वजह
सरकार का मानना है कि नागरिकों के साथ शिष्ट व्यवहार से पुलिस-जनता संबंध बेहतर होंगे और व्यवस्था में विश्वास बढ़ेगा। लगातार मिल रही शिकायतों और सार्वजनिक असंतोष को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved