
नई दिल्ली: श्रीलंका में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई है। भूकंप दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर अंदर कोलंबो से दक्षिण-पूर्व की ओर था। हालांकि फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। फिर भी भूकंप के कारण लोगों में दहशत फैल गई। लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। श्रीलंका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और खान ब्यूरो ने कहा कि भूकंप से कोई खतरा नहीं है। वैसे श्रीलंकाई अधिकारी वर्तमान में भूकंपीय गतिविधि के प्रभाव का आकलन कर रहे हैं।
दरअसल, धरती की मोटी परत जिसे क्टोनिक प्लेट्स कहा जाता है, वह अपनी जगह से खिसकती रहती है। ये प्लेट्स अमूमन हर साल करीब 4-5 मिमी तक अपने स्थान से खिसक जाती हैं। ये क्षैतिज और ऊर्ध्वाधर , दोनों ही तरह से अपनी जगह से हिल सकती हैं। इस क्रम में कभी कोई प्लेट दूसरी प्लेट के निकट जाती है तो कोई दूर हो जाती है। इस दौरान कभी-कभी ये प्लेट्स एक-दूसरे से टकरा जाती हैं। ऐसे में ही भूकंप आता है और धरती हिल जाती है। ये प्लेटें सतह से करीब 30-50 किमी तक नीचे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved