
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के कारण कई बड़े खिलाड़ियों ने साल के चौथे ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन से नाम वापस ले लिया है, जिसका सीधा फायदा भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को मिला। नागल को अमेरिकी ओपन के पुरुष एकल वर्ग में सीधा प्रवेश मिल गया है।
एटीपी के शीर्ष 128 रैंकिंग वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में सीधा प्रवेश मिला है,नागल इस समय विश्व मे 127वें नम्बर पर हैं। नागल इसमें एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जबकि प्रजनेश गुणेश्वरन चूक गए जो रैंकिंग में 132वें स्थान पर हैं।
पिछले साल नागल ने पहली बार यहां खेलते हुए रोजर फेडरर के खिलाफ मुकाबले में एक सेट जीता था। वह हालांकि 6-4, 1-6, 2-6, 4-6 से हार गए थे। उल्लेखनीय है कि फेडरर और राफेल नडाल इस बार टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। पूर्व चैम्पियन स्टान वावरिंका , निक किर्गियोस, फेबियो फोगनिनी और गाएल मोंफिल्स ने भी नाम वापस ले लिया है। (एजेन्सी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved