img-fluid

सुनेत्रा पवार संभालेंगी डिप्टी CM का पद, राज्यसभा जाने की तैयारी में अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ

January 31, 2026

नई दिल्ली: अजित पवार (Ajit Pawar) की विमान हादसे में आकस्मिक मृत्यु के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का नेतृत्व कौन करेगा इसे लेकर ​तस्वीर अब करीब-करीब साफ हो चुकी है. उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में डिप्टी सीएम का पद स्वीकार करने पर हामी भर दी है. वह आज शाम शपथ ले सकती हैं. वर्तमान में सुनेत्रा राज्यसभा की सांसद हैं.

महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद उन्हें राज्यसभा सीट खाली करनी पड़ेगी. सूत्रों की मानें तो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ को उनकी मां की जगह राज्यसभा भेजने की तैयारी में है. सुनेत्रा पवार को शुक्रवार को एनसीपी की विधायक दल की नेता चुन लिया गया. सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा का शपथ ग्रहण समारोह मुंबई राजभवन में शनिवार (30 जनवरी) शाम 5 बजे होगा. वह पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी लड़ेंगी, जो उनके पति अजित पवार के निधन के बाद खाली हुई है.


  • सूत्रों के मुताबिक प्रफुल पटेल को एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है. हालांकि, एनसीपी के नेताओं का एक बड़ा वर्ग मानता है कि सुनेत्रा को न केवल उपमुख्यमंत्री बनाना चाहिए बल्कि पार्टी की कमान भी संभालनी चाहिए. इससे एनसीपी के दोनों गुटों के फिर से एकजुट होने की अटकलें भी खत्म हो गई हैं. ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि अजित पवार के निधन के बाद उनके नेतृत्व वाली एनसीपी का शरद पवार गुट वाली एनसीपी में विलय हो सकता है.

    एनसीपी में फूट 2023 में तब पड़ी थी जब अजित पवार अधिकांश नेताओं के साथ अलग होकर महायुति में शामिल हो गए थे, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना शामिल हैं. अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी की सीटें घटकर फिलहाल 40 रह गई हैं. महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार महायुति सरकार में वित्त, योजना, उत्पाद शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण (अतिरिक्त प्रभार) और अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ (अतिरिक्त प्रभार) विभागों का कार्यभार संभाल रहे थे.

    हम NCP के फैसले के साथ: फडणवीस
    नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘एनसीपी उपमुख्यमंत्री पद के लिए जो भी फैसला लेना होगा, वह लेगी और सरकार व भाजपा उस फैसले का समर्थन करेंगी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हम अजित दादा के परिवार और एनसीपी के साथ खड़े हैं.’


  • अजित पवार का विमान हादसे में निधन
    अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था. इस हादसे में उनके साथ विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी जान चली गई थी. उनका अंतिम संस्कार 29 जनवरी को बारामती में उनके पैतृक गांव में किया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अजित पवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने बारामती पहुंचे थे.

    60 घंटे में सत्ता की दिशा तय
    अजीत पवार के निधन के बाद पहले दो दिन बारामती पूरी तरह शोक में डूबा रहा. नारे, रैलियां और राजनीतिक हलचल पूरी तरह थमी हुई थी. शुक्रवार को अजित पवार की अस्थि विसर्जन के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में बदलाव देखने को मिलने लगे हैं. इसका ही असर है कि शनिवार शाम तक महाराष्ट्र को पहली महिला उप मुख्यमंत्री मिल सकती हैं.

    किस-किस के बीच हुई वीडियो कॉल पर बातचीत
    सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को एक अहम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हुई, जिसमें मुंबई से सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल ने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार से बताचीत की. इसी वर्चुअल बैठक में पहली बार औपचारिक रूप से डिप्टी सीएम पद का प्रस्ताव सुनेत्रा पवार के सामने रखा गया. खबर है कि शुरुआती हिचक के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी और सरकार के हित में पद स्वीकार करने की सहमति जता दी.

    कौन बना संकटमोचक?
    मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम पद के लिए हामी भरवाने में दिलीप वलसे पाटिल, प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने अहम भूमिका निभाई है. दिलीप वलसे पाटिल एनसीपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सहकारिता मंत्री और ऐसे नेता जिन्हें शरद पवार और अजीत पवार दोनों खेमों का भरोसेमंद माना जाता है. प्रफुल्ल पटेल के कहने पर वलसे पाटिल ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और तुरंत मुंबई के लिए रवाना हो गए. बताया जा रहा है कि मुंबई में उन्हीं की पहल पर एनसीपी विधायकों की निर्णायक बैठक बुलाई गई. पार्टी के अंदर माना जा रहा है कि अगर यह जिम्मेदारी किसी और के हाथ में जाती, तो विधायकों के टूटने और गुटबाजी की आशंका थी. वलसे पाटिल को इसलिए आगे किया गया क्योंकि वह संतुलन बनाने वाले नेता माने जाते हैं.

    Share:

  • डेमोक्रेटिक संघ की चेंज मेकर्स लिस्ट 2025 में शामिल हुईं आईएएस हरि चंदना

    Sat Jan 31 , 2026
    तेलंगाना। लोकतांत्रिक मूल्यों को मज़बूती देने और नागरिकों की भागीदारी को सशक्त बनाने के लिए कार्यरत सामाजिक सुधार संगठन डेमोक्रेटिक संघ ने आईएएस अधिकारी हरि चंदना को अपनी प्रतिष्ठित चेंज मेकर्स लिस्ट 2025 में शामिल किया है। यह सम्मान उन्हें नागरिक-केंद्रित प्रशासन, सार्वजनिक नवाचार और समावेशी शासन व्यवस्था को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दिया गया है। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved