
कल ही मिला भोपाल से संदेश, अब इंदौर में ही होगा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट
इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की उपस्थिति में 31 मई को भोपाल (Bhopal) में हो रहे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन (Women Empowerment Conference) में भाग लेने के लिए इंदौर (Indore) से भी 20 हजार महिलाओं (20 Thousand Women) को ले जाने की योजना थी। इस योजना को रद्द कर दिया गया है। अब इस कार्यक्रम का इंदौर में लाइव टेलीकास्ट (Live Telecast) किया जाएगा।
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के मौके पर भोपाल में सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा द्वारा जो योजना बनाई गई थी, उसके अनुसार तो इस सम्मेलन में पूरे प्रदेश से महिलाओं को लाया जाना था। इसी सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल इंदौर की मेट्रो रेल का उद्घाटन भी किया जाएगा। भाजपा ने यह तय किया था कि इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इंदौर से 20 हजार महिलाओं को ले जाया जाएगा।
मौसम की बेरुखी और चाहे जब जोरदार बारिश होने की स्थिति बनने के कारण भाजपा द्वारा अपने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। अब पार्टी द्वारा यह तय किया गया है कि भोपाल के कार्यक्रम में भोपाल और आसपास के जिलों से ही महिलाओं का एकत्रीकरण किया जाएगा। बाकी दूसरे दूर के स्थान से महिलाओं को नहीं बुलाया जाएगा। पार्टी संगठन द्वारा लिए गए इस फैसले के साथ में इंदौर को यह संदेश दिया गया है कि इंदौर में गांधीनगर में इस कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। इस लाइव टेलीकास्ट वाले स्थान पर इंदौर की महिलाओं को एकत्र करने और कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए कहा गया है। यह संदेश जैसे ही इंदौर पहुंचा, वैसे ही नगर निगम के अधिकारियों को भी कह दिया गया कि महिलाओं को एकत्र करने के कार्य से आपको भी मुक्त किया जाता है। नगर निगम को शहरी क्षेत्र की 5000 महिलाओं को एकत्र कर भोपाल भेजने की जिम्मेदारी दी गई थी।
भाजपा के हैं 35 मंडल, हर मंडल से 100 महिलाएं लाएंगे
इंदौर महानगर में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक रूप से 35 मंडल हंै। अब गांधीनगर में जो प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, उसमें हर मंडल से 100 महिलाओं को लाने का लक्ष्य दिया गया है। भाजपा के संगठन की स्थिति के अनुसार तो यह लक्ष्य बहुत ही छोटा है। इस छोटे लक्ष्य से यह भी स्पष्ट हो गया है कि गांधीनगर का कार्यक्रम कोई बहुत बड़ा कार्यक्रम के रूप में आयोजित नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में जाने वाली महिलाएं करेंगी मेट्रो रेल में सफर
इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जो महिलाएं पहुंचेंगी, वह सभी महिलाएं मेट्रो रेल में सफल करेंगी। वैसे भी मेट्रो रेल का पहला फेरा महिलाओं को ही समर्पित किया गया है। इस फेरे में केवल महिलाएं ही रेल में सफर कर सकेंगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved