वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा भारत के ऊपर टैरिफ (US Tariff) की घोषणा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में खटास देखने को मिल रही है। गुरुवार को 50 फीसदी टैरिफ का ऐलान होने के बाद वाइट हाउस में ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो (Peter Navarro) ने भारत की व्यापार नीतियों की आलोचना करते हुए नई दिल्ली को ‘टैरिफ का महाराज’ बताया है। इतना ही नहीं नवारो ने चीन के ऊपर टैरिफ न लगाने के सवाल पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि चीन के ऊपर हम पहले ही इतना टैरिफ लगा चुके हैं।
मीडिया से बात करते हुए नवारो ने कहा, “आपको इस तथ्य के साथ शुरुआत करनी होगी कि भारत दुनिया में टैरिफ का महाराजा है। वह सबसे ज्यादा टैरिफ वसूल करता है। इसकी वजह से अमेरिकी सामान बहुत ज्यादा महंगा हो जाता है, जिसकी वजह से हम बाजार में नहीं टिक पाते। इस तरीके से हम हर साल कई बिलियन डॉलर भारत पहुंचाते जा रहे हैं।”
नवारो यहीं नहीं रुके उन्होंने भारत के साथ ट्रेड में भारत के सरप्लस को रूस और यूक्रेन युद्ध के साथ भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि भारत हमसे गलत तरीके से व्यापार करता है उसके बाद उन्हीं डॉलरों से रूस से तेल खरीदता है, फिर रूस उसी पैसे से यूक्रेन में लोगों को मार रहा है।
नवारो ने कहा, “भारत अमेरिकी डॉलर्स का उपयोग करके रूसी तेल खरीदता है। रूस उसी रकम से हथियार बनाता है और यूक्रेन में लोगों को मारता है। यहां पर हमारे टैक्स पेयर्स ो कहा जाता है कि वह यूक्रेन की रक्षा के लिए भी पैसे दें.. तो दोनों तरफ से यही चल रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे रोकने के लिए यह फैसला लिया है।
नवारो से जब पूछा गया कि चीन भी रूस से तेल खरीद रहा है उसके ऊपर टैरिफ क्यों नहीं लगाए गए। इसका जवाब देते हुए नवारो ने कहा कि हम चीन के ऊपर पहले से ही इतना टैरिफ लगा चुके हैं। अगर हम इससे ज्यादा जाते हैं तो फिर वह हमारे लिए ही परेशानी खड़ी कर देगा। उन्होंने कहा, “जैसा की राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि आगे देखते हैं क्या होता है। आप यह ध्यान में रखें कि हम चीन को ऊपर पहले से ही 50 फीसदी टैरिफ लगा चुके हैं।”
आपको बता दें भारत और रूस के बीच में होने वाले व्यापार की वजह से अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ का ऐलान किया है। डोनाल्ड ट्रंप लगातार कुछ दिनों से भारत के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को मरी हुई तक कह दिया था और भारत की तेल जरूरतों पर तंज कसते हुए कहा था कि क्या पता किसी दिन भारत पाकिस्तान से ही तेल आयात करने लगे। हालांकि पीएम मोदी ने भारत की तरफ से करारा जवाब देते हुए कहा कि भारत अपने किसानों और घरेलु उद्योगों की मदद के लिए किसी भी हद तक जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved