
अहमदाबाद। भारतीय क्रिकेट टीम (Indian cricket team) ने तीसरी बार टी20 विश्व कप (T20 World Cup) जीतकर इतिहास रच दिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड (New Zealand) को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही भारत तीन बार बीस-बीस ओवर का विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया। आइए जानते हैं भारतीय टीम ने अब तक कब-कब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के प्रमुख टूर्नामेंट जीते हैं।
एकदिवसीय विश्व कप 1983
साल 1983 में क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। कपिल देव की कप्तानी में भारतीय टीम ने फाइनल में दो बार की विश्व विजेता वेस्टइंडीज को हराकर खिताब जीता था। यह मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 54.4 ओवर में 183 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 52 ओवर में 140 रन पर आउट हो गई। मोहिंदर अमरनाथ और मदन लाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लिए और भारत ने 43 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
चैंपियंस ट्रॉफी 2002
साल 2002 में भारत और श्रीलंका को संयुक्त रूप से चैंपियंस ट्रॉफी विजेता घोषित किया गया था। कोलंबो में खेला गया फाइनल मुकाबला लगातार बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के नियमों के अनुसार दोनों टीमों को संयुक्त विजेता माना गया।
विश्व कप 2007
साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने पहला टी20 विश्व कप जीता था। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच रन से हराया था। भारत ने गौतम गंभीर की 75 रन की पारी की बदौलत 157 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 152 रन ही बना सकी थी।
एकदिवसीय विश्व कप 2011
1983 के बाद भारत ने 28 साल बाद एकदिवसीय विश्व कप जीता। 2011 में मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका को छह विकेट से हराया। श्रीलंका ने महेला जयवर्धने की नाबाद 103 रन की पारी की मदद से 274 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने गौतम गंभीर के 97 और महेंद्र सिंह धोनी के नाबाद 91 रन की बदौलत 48.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
चैंपियंस ट्रॉफी 2013
भारत ने 2013 में दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती। बर्मिंघम में खेले गए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराया। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 129 रन बनाए थे। शिखर धवन ने 31, विराट कोहली ने 43 और रवींद्र जडेजा ने नाबाद 33 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 124 रन ही बना सकी।
विश्व कप 2024
2024 में भारत ने दूसरी टी20 विश्व कप जीता। बारबाडोस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 169 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने 11 साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ट्रॉफी जीती।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025
इस टूर्नामेंट के फाइनल में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 251 रन बनाए। जवाब में भारत ने 49 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 76 रन की अहम पारी खेली। रोहित और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
विश्व कप 2026
साल 2026 में भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास बनाया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया। इससे पहले भारत 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में यह खिताब जीत चुका था। खास बात यह रही कि टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार किसी टीम ने लगातार खिताब जीतने का कारनामा किया और भारत ऐसा करने वाली पहली टीम बना।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved