
इंदौर। प्रवासी भारतीयों को इन्दौर की संस्कृति और इतिहास की जानकारी देने के लिए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के 50 वालेंटियरों की टीम इसके लिए तैनात रहेगी और आज से उन्हें हेरिटेज वाक हेतु प्रशिक्षण देने का काम शुरू किया गया है। नगर निगम और पर्यटन विभाग की मदद से हेरिटेज वाक का आयोजन होगा। इसमें आए सभी मेहमानों को इतिहास और संस्कृति से संबंधित राइटअप भी दिए जाएंगे।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन को लेकर शहरभर में निगम और प्रशासन अपने स्तर पर जोरदार तैयारियों में जुटा हुआ है। भोपाल से अधिकारियों की टीमें यहां आकर तमाम तैयारियों का निरीक्षण कर उसमें बदलाव भी करा रही हैं, ताकि बेहतर से बेहतर कार्य हो सके। कई जगह सडक़ों से लेकर डिवाइडरों के सौंदर्यीकरण और कुछ खास मार्गों पर आकर्षक रोशनी की तैयारियां चल रही हैं।
नगर निगम अधिकारी महेश शर्मा के मुताबिक आज सुबह बोलिया छत्री से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के 50 वालेंटियरों को हरिटेज वाक के लिए ट्रेनिंग देने का सिलसिला शुरू हुआ। सभी प्राचीन और ऐतिहासिक इमारतों और स्थलों का प्रवासी भारतीयों को निरीक्षण कराया जाएगा। इनमें कृष्णपुरा छत्री, गोपाल मंदिर, राजबाड़ा, बोलिया छत्री सेे लेकर कुछ अन्य स्थान हैं। इस मामले में मप्र पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है और इन्दौर की संस्कृति और इतिहास को लेकर वालेंटियर ही तमाम जानकारियों के साथ राइटअप तैयार कर रहे हैं, जो प्रवासी भारतीयों को दिए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved