
इंदौर। शहर के तापमान में कई दिनों बाद कल दिन में गिरावट दर्ज की गई। दिन का पारा 2 डिग्री से ज्यादा गिरा, वहीं रात के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी रहा। तापमान में आई कमी के कारण शहर में दिन में भी हल्की ठंड का एहसास हुआ, वहीं सूरज ढलते ही तीव्र शीतलहर ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। तीखी ठंड का असर सुबह तक बना रहा और शहर ठिठुरता नजर आया।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों की अपेक्षा 2.3 डिग्री कम था। वहीं रात से सुबह के बीच का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 6 डिग्री और परसों की अपेक्षा 1.2 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 17 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में कई स्थानों पर हो रही बर्फबारी और उसी ओर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आई है। अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है।
प्रदेश में राजधानी सबसे ठंडी, इंदौर चौथे स्थान पर
भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक कल रात से आज सुबह के बीच सबसे कम न्यूनतम तापमान भोपाल में 4.8 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया। इसके बाद राजगढ़ में 5 डिग्री, पंचमढ़ी में 5.2 डिग्री और इंदौर में 5.4 डिग्री तापमान रहा। जबकि उज्जैन में ठंड का असर कम रहा और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved