
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बीजेपी नेता वसीम बारी की हत्या के बाद आतंकियों ने बारामूला में एक और राजनेता का अपहरण किया है। आतंकियों के एक दल ने बारामूला जिले के रफियाबाद इलाके में बीजेपी के एक नेता को अगवा किया है। ये नेता एमसी वाटरगाम में वाइस चेयरमैन भी है।
जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता मेहराजुद्दीन इस समय एमसी वाटरगाम का वाइस चेयरमैन है। इसके अलावा वह रफियाबाद में बीजेपी के उपाध्यक्ष हैं। बुधवार सुबह वह किसी काम के सिलसिले में घर से सोपोर के लिए जा रहा था। तभी आतंकियों ने बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया। उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। इस सूचना के बाद पुलिस ने सेना के साथ मिलकर पूरे इलाके को घेर लिया। नेता की तलाश की जा रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
बीजेपी नेताओं को आतंकियों ने दी थी धमकी
बता दे कि हाल ही में कश्मीर के बांदीपोरा में आतंकियों ने बीजेपी के नेता वसीम बारी, पिता तथा भाई की हत्या कर दी थी। उसके बाद आतंकियों की तरफ से बीजेपी के नेताओं को फरमान दिया गया था। जिसमें नेताओं को इस्तीफा देने के लिए कहा गया था नही तो गंभीर परिणाम की धमकी दी गई थी। इसी बात को लेकर दो बीजेपी नेताओं ने मंगलवार को इस्तीफा दिया था। इस घटना के कुछ देर बाद ही सोपोर में मेहराजुद्दीन का अपहरण हुआ, जिसके बाद पुलिस और सेना ने उसकी तलाश शुरू की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved