
डेस्क। तमिल सुपरस्टार और राजनेता थलापति विजय (Thalapathy Vijay) के चेन्नई स्थित आवास (Residence) पर शुक्रवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक (Major Security Lapse) हुई। नीलांकरै पुलिस (Neelankarai Police) अधिकारियों के अनुसार, 24 वर्षीय अरुण नामक एक व्यक्ति कथित तौर पर तमिलगा वेत्री कझगम (Tamilaga Vetri Kazhagam) पार्टी के नेता और अभिनेता थलापति विजय के चेन्नई के बाहरी इलाके स्थित आवास में घुस गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने अभिनेता के आवास की गहन जांच की। हैरानी की बात ये है कि व्यक्ति दो दिन पहले पेड़ पर चढ़कर अभिनेता की छत पर पहुंचा था। दो दिन से अनजान व्यक्ति वहां पर ही था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ये व्यक्ति दो रात पहले एक पेड़ पर चढ़कर विजय की छत पर घुस आया था। जब विजय अपनी छत पर पहुंचे, तब उन्होंने वहां उस युवक को देखा। विजय ने तुरंत कथित घुसपैठिए को नीचे उतारा और नीलांकरै पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पूछताछ करने पर पता चला कि मदुरंतकम निवासी राजा का बेटा अरुण मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा था। इसके बाद कथित घुसपैठिए को इलाज के लिए किलपौक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विजय के घर को ‘Y’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इसके बावजूद एक व्यक्ति घर में घुस जाता है और दो दिन तक छत पर रहता है, लेकिन किसी को पता भी नहीं चलता। नीलंकरै पुलिस और सुरक्षा अधिकारी अब थलापति विजय के घर में अब जांच कर रहे हैं और इस मामले में अधिक जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।
थलापति विजय की अगली फिल्म ‘जन नायकन’ है, जो 2026 में रिलीज होने वाली है। अभिनेता ने इस फिल्म के बाद पूरी तरह से राजनीति पर ध्यान देने की बात कही है। यानी इस फिल्म के बाद वो फिल्मों से दूरी बना लेंगे और राजनीति पर फोकस करेंगे। ‘जन नायकन’ का निर्देशन एच विनोथ ने किया है। यह पोंगल त्योहार के दौरान 9 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज को तैयार है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved