img-fluid

2 घंटे की बारिश में फिर शहर तैरा, दिनभर छाए बादल रात को बरसे 1 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज

May 06, 2025

इंदौर। शहर में परसों शाम कहर बरसाने के बाद कल दिनभर बादल शांत रहे, लेकिन रात होते ही एक बार फिर गरजे और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया। रात को शहर में एक इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इस दौरान तेज हवाओं से एक बार फिर कई स्थानों पर पेड़ और होर्डिंग्स धराशायी हो गए, जिसके कारण कल रात फिर सडक़ें जलमग्न हो गईं और कई क्षेत्र अंधेरे में डूबे रहे। दो दिन से बदले मौसम के कारण तापमान में भी भारी कमी दर्ज की गई है।

विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह 8.30 बजे से आज सुबह के बीच कुल 1.01 इंच बारिश दर्ज की गई। कल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री और परसों की अपेक्षा 1.2 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 2 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा दक्षिण-पूर्वी रही और अधिकतम रफ्तार 59 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। तेज हवाओं के कारण बारिश का असर और ज्यादा महसूस हुआ। कुछ ही देर में हुई तेज बारिश के चलते सडक़ें फिर जलमग्न हो गईं और रात के समय सडक़ों पर जाम नजर आया।

कल हुई बारिश के साथ ही 10 सालों का रिकॉर्ड टूटा
कल हुई बारिश के साथ ही मई में कुल बारिश का आंकड़ा 90 मिलीमीटर, यानी 3.78 इंच तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही पिछले 10 सालों में मई में दर्ज सर्वाधिक बारिश का 2023 में बना 76.8 मिलीमीटर का रिकॉर्ड भी टूट चुका है और बारिश के मामले में पिछले 10 सालों में इस साल का मई सबसे आगे निकल गया है।

अगले 4 दिनों तक बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मध्यप्रदेश के आसपास सक्रिय सिस्टम के कारण अगले चार दिनों, यानी शनिवार तक इंदौर में बारिश की संभावना है। साथ में तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति भी देखने को मिलेगी। इसके कारण तापमान में और कमी आएगी और पारा 30 डिग्री के नीचे भी जा सकता है, जिससे गर्मी में ठंड जैसे हालात बन सकते हैं।

बोरिंग-तालाबों को राहत की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार आज भी दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। बारिश का ये दौर शनिवार तक बना रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके कारण शहर में सूखे पड़े बोरिंग और तालाबों को बड़ी राहत भी मिलने की उम्मीद है। पिछले दो दिनों में ही गर्मी में बंद हुए बोरिंग फिर जी उठे हैं। लगातार बारिश के कारण शहर में मई में बारिश के सभी रिकार्ड भी टूट सकते हैं।

टूट सकता है 139 साल पुराना रिकॉर्ड
इंदौर में कल हुई पौने 3 इंच बारिश ने पिछले 10 सालों का बारिश का रिकॉर्ड तो तोड़ ही दिया और अगले 4 दिनों तक बारिश की संभावना को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार 138 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूट सकता है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक मई में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड अब से 139 साल पहले 1886 में बना था। तब इंदौर में पूरे मई माह में सवा चार इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसी साल एक ही दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 29 मई को बना था, जब 24 घंटे में करीब चार इंच बारिश हुई थी। अगर अब आधा इंच से ज्यादा बारिश हो जाती है तो इतिहास में 2025 का नाम मई की सर्वाधिक वर्षा के रूप में दर्ज
हो जाएगा।

एक नजर पिछले 10 सालों में मई में हुई बारिश पर
वर्ष कुल वर्षा
2015 0.8
2016 20.4
2017 9.5
2018 2.4
2019 0.1
2020 7.4
2021 29.8
2022 0
2023 76.8
2024 21
2025 90
(जानकारी मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के आंकड़े मिलीमीटर में)

बारिश के पानी को 25 हजार स्थानों पर सहेजेंगे
इंदौर। नगर निगम द्वारा इस मानसून के मौसम में बारिश के पानी को सहेजने के लिए 25000 स्थानों पर व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा द्वारा आज सुबह ली गई अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिया गया। बैठक में जलगंगा संवर्धन अभियान को लेकर किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि वर्षा के जल को हमें ज्यादा से ज्यादा सहेजना है। शहर में 25000 स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इस वक्त इंदौर शहर में सभी तालाब, कुएं, बावडिय़ों पर काम चल रहा है। हमें इस काम की गति को बढ़ाना होगा। मानसून का आगमन होने से पहले हमें सभी प्राकृतिक जल स्रोतों की साफ-सफाई के कार्य को पूर्ण कर लेना है। इसके अतिरिक्त पानी को सहेजने की व्यवस्था को भी अंतिम रूप देना है।

चार सक्रिय सिस्टम ने बिगाड़ा शहर का सिस्टम
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार इस समय तीन सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके कारण इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों का मौसम प्रभावित हो रहा है।

– एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान से सटे पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
– एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिणी उत्तरप्रदेश और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है।
– एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी मराठवाड़ा और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है।
– एक उत्तर-दक्षिणी ट्रफ दक्षिणी उत्तरप्रदेश के मध्य भागों पर चक्रवाती परिसंचरण से मध्यप्रदेश, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिणी तमिलनाडु तक सक्रिय है।

Share:

  • दो बार जहर खाया-तीसरी बार फांसी लगाई, मौत

    Tue May 6 , 2025
    इंदौर। एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने दो बार जान देने की कोशिश की थी। उसका पत्नी से तलाक भी हो चुका था। तुकोगंज पुलिस ने बताया कि गोमा की फैल के रहने वाले 29 साल के राजकुमार पिता गुलशन ने घर पर फांसी लगा ली। कल रात को उसने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved