
इंदौर। इंदौर नगर निगम के द्वारा नेहरू पार्क में छोटे कार्यक्रमों का आयोजन के लिए ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इस पार्क के बगीचे को उजाड़ देने के बाद निगम के द्वारा जनता को एक सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है। किसी समय बिस्को पार्क के रूप में पहचाने जाने वाले नेहरू पार्क में चारों ओर हरियाली और बच्चों के लिए चलने वाली रेल यहां की खासियत थी। नगर निगम के द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इस बगीचे का विकास करने का फैसला लिया गया। विकास के नाम पर बगीचे को सीमेंट कंक्रीट के जंगल के रूप में तब्दील कर दिया गया। इस बगीचे से हरियाली गायब हो गई है। चारों तरफ सीमेंट के पक्के निर्माण कर दिए गए हैं। इस बगीचे को उजाडऩे का कार्य बेहतर तरीके से करने के बाद अब नगर निगम के द्वारा यहां पर जनता की सुविधा के लिए एक ऑडिटोरियम का निर्माण करने का फैसला लिया गया है। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि इस बगीचे में उद्यान अधिकारी का निवास बना हुआ है। इस निवास में पिछले करीब तीन दशक से उद्यान अधिकारी रहते आए हैं।
अब इस निवास को तोडक़र इसके स्थान पर एक छोटा ऑडिटोरियम तैयार किया जाएगा। इस ऑडिटोरियम में भूतल पर लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। उसके ऊपर पहली मंजिल पर ऑडिटोरियम होगा। इस ऑडिटोरियम में छोटे कार्यक्रमों का आयोजन आसानी से किया जा सकेगा। अभी कार्यक्रमों का आयोजन करने के लिए शहर में छोटे और सस्ते ऑडिटोरियम की कमी है। ऐसे में यह ऑडिटोरियम जनता के लिए सुविधा साबित होगा। इस कार्य को करने पर नगर निगम के द्वारा 1.65 करोड रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
गायब हो गई है लाइब्रेरी
एक लंबे अरसे तक इंदौर नगर निगम के पास बहुत ही समृद्ध और अच्छी लाइब्रेरी हुआ करती थी। यह लाइब्रेरी गांधी हाल में अभिनव कला समाज के पास तल घर में संचालित होती थी। बाद में यह स्थान नगर निगम के द्वारा एक नेता के संगठन को दे दिया गया। उसके बाद से यह लाइब्रेरी बंद हो गई है और इसमें मौजूद हजारों किताबें बेतरतीब हालत में पड़ी हुई है। ऐसे में अब एक बार फिर इस लाइब्रेरी को इस नए भवन में शुरू किया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved