मास्को। रूस और यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) में मॉस्को की तरफ से कई देशों के लोग युद्ध लड़ रहे हैं। इनमें से कई लोग ऐसे हैं, जो बेहतर नौकरी की तलाश में रूस आए थे और यहां आकर इन्हें धोखे से युद्ध में धकेल दिया गया। अब इस मामले के तार दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा की बेटी दुदुजिले जुमा-साम्बुडला से जुड़ा है। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के अनुसार दुदुजिले पर आरोप है कि उसने धोखे से 17 युवाओं को रूस भेजा और बाद में बिना उनकी सहमति के उन्हें युद्ध लड़ने के लिए मजबूर किया।
अफ्रीकी पुलिस प्रवक्ता एथलेंडा मथे के मुताबिक, जुमा-साम्बुडला की बहन न्कोसाजाना जुमा-मनक्यूब द्वारा दायर हलफनामे में आरोप लगाया गया है कि उसकी बहन ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर लोगों को धोखा दिया है। इन लोगों ने पुरुषों को रूस में एक सुरक्षा कंपनी में काम करने का बहाना देकर बुलाया। हलफनामे के मुताबिक रूस पहुंचने के बाद इन लोगों को रूसी भाड़े के सैनिक समूह को सौंप दिया गया। इसके बाद उन्हें हल्की ट्रेनिंग देकर युद्ध लड़ने के लिए मजबूर किया गया। दस्तावेजों के मुताबिक इन 17 में 8 पुरुष उसकी बहनों के परिवार से ही हैं।
गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने भी इस महीने की शुरुआत में कहा था उसे 20 से 39 साल के कुछ लोगों मदद की कॉल मिली थी। यह लोग युद्धग्रस्त डोनबस क्षेत्र में फंसे हुए हैं। सरकार के मुताबिक इन लोगों को अच्छी वेतन का लालच देकर सैनिक दलों में शामिल किया गया है।
रूस पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं कि वह दूसरे देशों के लोगों को अच्छी नौकरियों का झांसा देकर उन्हें युद्ध में लड़ने के लिए भर्ती करता है। इसके अलावा इस तरह का दावा भी किया जा रहा है कि रूस दक्षिण अफ्रीका और अन्य अफ्रीकी देशों की महिलाओं को सोशल मीडिया के ज़रिए खानपान, हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में नौकरियों का वादा करके उन्हें रूसी ड्रोन फैक्ट्रियों में काम करने के लिए फंसाता है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved