
इंदौर। देश की एकमात्र सरकारी एयरलाइंस एलायंस एयर द्वारा 1 से 17 अक्टूबर तक इंदौर से जुड़ी अपनी उड़ानों को निरस्त रखने के बाद परसों से उड़ानें दोबारा शुरू कर चुकी है। उड़ानें शुरू होने के साथ ही इनका निरस्त और लेट होना भी शुरू हो गया है। कल ही कंपनी की दिल्ली फ्लाइट शाम के बजाय देर रात इंदौर पहुंची। इसके कारण इससे जुड़ी दो उड़ानों को कंपनी ने निरस्त कर दिया। उड़ानों के लेट और निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक एलायंस एयर की फ्लाइट शाम 7.40 बजे दिल्ली से इंदौर जाकर 8.05 बजे वापस दिल्ली जाती है। वहीं एक अन्य फ्लाइट दिल्ली से रात 9.25 बजे वापस इंदौर आकर 9.55 बजे दिल्ली जाती है, लेकिन कल दिल्ली से आने वाली पहली फ्लाइट ही शाम 7.40 के बजाए साढ़े चार घंटे देरी से रात 12.10 बजे इंदौर पहुंची। इसके बाद कंपनी ने शाम को दिल्ली जाने और आने वाली फ्लाइट को निरस्त कर दिया।
यही विमान रात 12.40 बजे यात्रियों को लेकर दिल्ली रवाना हुआ। फ्लाइट के लेट और निरस्त होने से यात्रियों ने हंगामा किया। बताया जा रहा है कि दिल्ली में विमान में तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट देरी से इंदौर पहुंची। हालांकि, कंपनी ने ऑपरेशनल कारणों से हुई देरी बताया है। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों ही उड़ानों में यात्री कम होने के कारण कंपनी ने एक फेरे को निरस्त करते हुए दोनों फ्लाइट के यात्रियों को एक ही फ्लाइट में एडजस्ट किया। कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प भी दिया।
10.30 बजे बंद होने वाला एयरपोर्ट 1.30 बजे तक खुला रहा
इंदौर एयरपोर्ट पर चल रहे रनवे रिकॉरपेटिंग के काम के कारण एयरपोर्ट को रात 10.30 से सुबह 6.30 बजे तक बंद रखा जाता है, लेकिन कल इस फ्लाइट के लेट होने के कारण एयरपोर्ट को रात 1.30 बजे तक खुला रखा गया। इसके कारण रनवे का काम भी प्रभावित हुआ। कंपनी इससे पहले भी कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त कर चुकी है और अक्सर ये उड़ानें लेट तो रहती ही है। कंपनी 26 अक्टूबर से इनका संचालन भी सीमित करते हुए सप्ताह में सिर्फ 3 दिन करने जा रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved