
इन्दौर। शहर में कल रात एक बार फिर एक रिक्शा चालक ने अपनी इमानदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। कलेक्टोरेट में पदस्थ कनाडिय़ा क्षेत्र के तहसीलदार के रीडर रवींद्र दुबे कल शाम चंदननगर से एक रिक्शा में सिलिकॉन वैली स्थित अपने घर गए थे।
रिक्शा चालक फिरोज खान उन्हें छोडऩे के बाद जब वापस लौट रहा था तो उसे पिछली सीट पर एक बैग रखा नजर आया, जो दुबे का था। रिक्शा चालक ने बैग खोलकर देखा तो उसमें जरूरी शासकीय दस्तावेज, सील और पेन ड्राइव रखी हुई थी। इस पर खान ने वापस जाकर देखा तो दुबे जा चुके थे। उसे दुबे का घर भी नहीं पता था। इस पर खान ने तुरंत इसकी सूचना भगवा ऑटोरिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी को दी। इस पर त्रिपाठी ने खान को द्वारकापुरी थाने पहुंचने का कहा। त्रिपाठी भी थाने पहुंचे और वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों को बैग सौंपा। पुलिस अधिकारियों ने खान की सराहना करते हुए तुरंत वायरलेस सेट पर सूचना जारी की। जानकारी मिलने के बाद दुबे से संपर्क करते हुए उन्हें बैग के थाने में होने की सूचना दी गई। इसके बाद आज सुबह दुबे ने थाने जाकर बैग प्राप्त करते हुए रिक्शा चालक फिरोज खान की सराहना करते हुए धन्यवाद कहा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved